April 17, 2026

UP: 18 साल के अभिषेक की बेरहमी से हत्या, पोस्टमार्टम में गले से सीने तक 35 से ज्यादा गहरे घाव

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में 18 वर्षीय अभिषेक सिंह की नृशंस हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गीडा थाना क्षेत्र के नौसड़ निवासी अभिषेक का शव शनिवार सुबह पेवनपुर गांव के पास सरसों के खेत में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद हत्या की क्रूरता का अंदाजा लगा, जिसमें बताया गया कि अभिषेक की गर्दन को आगे से पीछे तक रेता गया था और उसके शरीर पर गले, पीठ और सीने में 35 से अधिक गहरे चाकू के घाव मिले हैं। हमले की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि गर्दन और सीने की हड्डियां तक कट गई थीं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अभिषेक के सीने में चाकू धंसा हुआ था और आसपास संघर्ष के निशान भी मिले, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उसने खुद को बचाने की पूरी कोशिश की थी। मृतक के पिता विजय सिंह ने बताया कि अभिषेक पढ़ाई के साथ-साथ शादी-विवाह में वेटर का काम करता था और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रहा था। बेटे की हालत देखकर परिजन बदहवास हो गए।

पोस्टमार्टम के बाद जब शव को एंबुलेंस से घर ले जाया जा रहा था, तब नौसड़ के पास पासवान ढाला पर परिजनों और ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है और आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। करीब 20 मिनट तक सड़क जाम रही। सूचना पर कई थानों की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस निगरानी में अंतिम संस्कार कराया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या से पहले शराब पार्टी होने की आशंका है। घटनास्थल से शराब की खाली बोतलें और पानी के पाउच बरामद हुए हैं। सीसीटीवी फुटेज में अभिषेक को वारदात से पहले शराब खरीदते हुए देखा गया है। पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर जांच तेज कर दी है और चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र प्रसाद के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!