April 19, 2026

शाहजहांपुर में 70 वर्षीय ससुर ने बहू की कुल्हाड़ी से हत्या कर की आत्महत्या, गांव में मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना कांट क्षेत्र के हठीपुर कुरिया गांव में 70 साल के बुजुर्ग ससुर ने अपनी 30 वर्षीय बहू की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी और इसके बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी। यह खौफनाक वारदात बुधवार सुबह सामने आई जब ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार द्विवेदी के अनुसार मृतका का नाम सुमित्रा है, जिसकी हत्या उसके ससुर राजपाल सत्य ने की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजपाल अक्सर शराब पीता था और संभवत: सुमित्रा के साथ किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। इसी विवाद के बाद गुस्से में आकर उसने घर में रखी कुल्हाड़ी से सुमित्रा पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या की वारदात के बाद आरोपी ससुर घर से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इसी बीच दोपहर को सूचना मिली कि गांव के सामने स्थित एक बाग में आम के पेड़ से राजपाल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और लोग स्तब्ध हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!