April 21, 2026

IPL टिकटों की कालाबाज़ारी करते युवक को रंगे हाथों पकड़ा गया, बैग से बरामद हुए 100 से अधिक टिकट

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के अहिमामऊ इलाके में स्थित फीनिक्स प्लासियो मॉल में उस समय हड़कंप मच गया जब आईपीएल मैच के टिकटों की कालाबाज़ारी कर रहे एक युवक को लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। गुरुवार की शाम यह घटना तब सामने आई जब बड़ी संख्या में लोग मॉल के भीतर बने बुकमायशो काउंटर पर टिकट खरीदने पहुंचे। वहां मौजूद काउंटर कर्मचारी ने पास ही खड़े एक युवक की ओर इशारा किया, जिसके पास एक बैग था और वह लोगों को टिकट वहीं से बेच रहा था।

युवक के पास रखे बैग में आईपीएल मैच के 100 से अधिक टिकट थे। वह 499 रुपये वाले टिकट को 900 रुपये में और 599 रुपये वाले टिकट को 1200 रुपये में बेच रहा था। इस बात की भनक लगते ही लोगों ने युवक को घेर लिया और मौके पर ही पुलिस को बुला लिया। थोड़ी ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान युवक के बैग से बड़ी संख्या में टिकट बरामद हुए, जिन्हें वह अवैध रूप से बेचने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस ने युवक की पहचान सुजीत यादव के रूप में की है, जो गोंडा जिले का रहने वाला है और लखनऊ में एक प्रतिष्ठित आईटी कंपनी में कार्यरत है। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में टिकट उसके पास आए कहां से और इसमें कौन-कौन शामिल हो सकता है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इसमें किसी अंदरूनी कर्मचारी की मिलीभगत है या फिर युवक ने किसी ऑनलाइन माध्यम से टिकटों को इकट्ठा किया था।

डीसीपी साउथ लखनऊ, निपुण अग्रवाल ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह कब से इस धंधे में सक्रिय था और उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग हैं। इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और बरामद टिकटों को जब्त कर लिया गया है। इस घटना के बाद पुलिस ने टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग पर सख्ती से निगरानी रखने का आश्वासन दिया है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!