मामी से अवैध संबंध में बना कातिल, मामा की हत्या कर जंगल में फेंका शव, पुलिस ने सनसनीखेज राज से उठाया पर्दा
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां अवैध रिश्ते की वजह से एक युवक ने अपने ही मामा की हत्या कर दी। मामला किरतपुर थाना क्षेत्र के रामपुर आशा गांव का है, जहां 28 अप्रैल को जंगल से गोली लगे एक युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान 35 वर्षीय फारुख के रूप में हुई थी। पुलिस ने मामले की जांच की तो पीछे से जो कहानी निकली, उसने सभी को हैरान कर दिया।
पुलिस ने इस हत्या के मामले में फारुख की पत्नी अमरीन और उसके भांजे मेहरबान को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि अमरीन और मेहरबान के बीच पिछले पांच वर्षों से अवैध संबंध थे। फारुख को इसकी जानकारी हो चुकी थी और वह इसका विरोध करता था। पति-पत्नी के बीच इसको लेकर अक्सर झगड़े होते रहते थे। लगातार तनाव से तंग आकर अमरीन और मेहरबान ने मिलकर फारुख को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, हत्या की रात मेहरबान अपने दोस्त उमर के साथ फारुख को बहाने से मोटरसाइकिल पर बैठाकर रामपुर आशा गांव के जंगलों में ले गया, जहां उसे गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। अगले दिन जंगल से फारुख का शव बरामद हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक के भाई नईम की शिकायत पर पुलिस ने मेहरबान और उमर के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की और छानबीन शुरू की। मंगलवार देर रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अमन कॉलोनी के पास दोनों आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मेहरबान के पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे, मृतक की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है।
पूछताछ में मेहरबान ने कबूल किया कि उसका मामी अमरीन के साथ अवैध संबंध था और मामा फारुख इसके आड़े आ रहा था, इसलिए उसे मार डाला। अब पुलिस मृतक की पत्नी अमरीन से भी गहन पूछताछ कर रही है और मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी हुई है। यह घटना रिश्तों के नाम पर हुए विश्वासघात और अपराध की एक दिल दहला देने वाली मिसाल बन गई है।
Share this content:
