April 18, 2026

जौनपुर में बिना सड़क बने निकाल लिए 26 लाख रुपये, DM बोले– “ये तो छोटी सी चूक है”

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से भ्रष्टाचार का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा 2300 मीटर लंबी सड़क के निर्माण के नाम पर 26.58 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया, जबकि जमीन पर सड़क का कोई काम हुआ ही नहीं था। यह पूरा मामला तब सामने आया जब स्थानीय सपा विधायक पंकज पटेल को ग्रामीणों ने इसकी जानकारी दी और उन्होंने खुद मौके पर जाकर हकीकत देखी।

मामले को उजागर करने के बाद विधायक ने बताया कि जिस सड़क पर कई सालों से लोग कीचड़ में चलने को मजबूर हैं, उसे कागज़ों में पूरा दिखा दिया गया और उसका भुगतान भी कर दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सड़क बनी ही नहीं तो पैसे कैसे जारी कर दिए गए? उन्होंने इस घोटाले को सरकार के भ्रष्टाचार मुक्त शासन के दावे पर एक बड़ा सवाल बताया।

जब इस घोटाले पर जिलाधिकारी दिनेश चंद्र सिंह से प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने इसे “बहुत छोटी सी चूक” बताकर टालने की कोशिश की। डीएम का कहना था कि PWD विभाग सालभर में करोड़ों के कार्य करता है और 25-26 लाख की रकम उनके हिसाब से कोई बड़ी बात नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार की छवि इस छोटी सी बात से खराब नहीं की जानी चाहिए।

हालांकि, डीएम ने यह स्वीकार किया कि गलती हुई है और कहा कि जूनियर इंजीनियर समेत तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश कर दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित सड़क का निर्माण अब शुरू करवा दिया गया है ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके और विभाग की लापरवाही की भरपाई हो सके।

वहीं, विधायक पंकज पटेल ने दावा किया कि ये कोई अकेला मामला नहीं है। उनके मुताबिक जिले में ऐसी करीब 50 सड़कों पर बिना निर्माण के पेमेंट किया जा चुका है। उन्होंने पूरे जौनपुर जिले की सड़कों के निर्माण कार्यों की जांच की मांग करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक भ्रष्टाचार का मामला नहीं, बल्कि जनता के साथ विश्वासघात है। मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में तो आया है, लेकिन सवाल ये है कि क्या दोषियों पर ठोस कार्रवाई होगी?

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!