पत्नी ने पुलिस से की थी शिकायत, पति ने लौटकर रात में पत्थर से सिर कुचला, दो मासूम बच्चों के सामने हत्या

आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों की नींव पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनगरम थाना क्षेत्र के कोंथमुरु गांव में एक पति ने अपनी ही पत्नी की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी क्योंकि उसने पुलिस से उसकी शिकायत की थी।

मृतका की पहचान 45 वर्षीय ऊषारानी के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब दस साल पहले वेमागिरी माणिक्यम नामक युवक से हुई थी। शादी के बाद माणिक्यम ने पत्नी के साथ ससुराल में रहना स्वीकार किया और वहीं वेल्डिंग का काम करते हुए परिवार चलाने लगा। दंपती के दो बच्चे भी हुए — 9 साल का बेटा निहंत और 7 साल की बेटी निस्सी।

लेकिन बीते कुछ समय से माणिक्यम पत्नी पर शक करने लगा था। शक के कारण वह ऊषारानी को लगातार प्रताड़ित करता था। परेशान होकर ऊषारानी ने राजनगरम थाने में पति के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस से शिकायत के बाद माणिक्यम घर छोड़कर चला गया था।

हत्या की रातशनिवार की रात माणिक्यम अचानक घर लौटा। बच्चों के मुताबिक घर में आते ही पति-पत्नी के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि माणिक्यम ने गुस्से में पास पड़े पत्थर से ऊषारानी के सिर पर वार कर दिया। ऊषारानी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। बच्चों ने तुरंत बगल में रहने वाली अपनी दादी को बुलाया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मृतका की मां लक्ष्मी ने दामाद के खिलाफ हत्या की तहरीर दी। पुलिस ने आईपीसी की धारा 302 के तहत केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, माणिक्यम फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। दो मासूम बच्चों की आंखों के सामने मां की हत्या ने पूरे गांव को हिला कर रख दिया है।

यह वारदात बताती है कि घरेलू हिंसा और संदेह से उपजे ज़हर को अगर समय रहते रोका न जाए, तो वह जानलेवा बन सकता है।

Share this content:

About The Author

You may have missed