वाराणसी में तीन इनामी बदमाश गिरफ्तार, दलित की हत्या, साजिशन मर्डर और गैंगस्टर एक्ट में थे वांछित – एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे और अलग-अलग गंभीर मामलों में वांछित थे। तीनों आरोपियों पर हत्या, अवैध हथियारों का कारोबार, साजिशन हत्या और गैंगस्टर एक्ट जैसे संगीन अपराधों में कुल 36 मुकदमे दर्ज हैं।
पहला मामला प्रतापगढ़ जिले के दिलीपपुर थाना क्षेत्र के रतनमई गांव निवासी रणजीत सिंह उर्फ मेजर से जुड़ा है, जिस पर 50 हजार का इनाम घोषित था। रणजीत, एक दलित युवक शिवम सरोज की हत्या के मामले में वांछित था। एसटीएफ की लखनऊ यूनिट को सूचना मिली कि रणजीत वाराणसी के बड़ा लालपुर इलाके में छिपा हुआ है। सब इंस्पेक्टर राहुल परमार की टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में रणजीत ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ अवैध असलहे बेचने का काम करता था। 31 दिसंबर 2024 को सराय भरतराय गांव में तमंचा लेने आए शिवम से उसका विवाद हुआ और उसी दौरान गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई थी। उसके अन्य साथी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।
दूसरे आरोपी की पहचान गाजीपुर जिले के जंगीपुर थाने के बेरवा रसूलपुर निवासी अभिषेक यादव के रूप में हुई है, जिस पर 25 हजार का इनाम था। अभिषेक, अपने दोस्तों वैभव, अंबुज और सौरभ के साथ मिलकर गाजीपुर के युवक रंजन मौर्या की हत्या में शामिल था। 21 मई को रंजन को कार में बैठाकर सिगरा से रमदत्तपुर लाया गया और एक मकान के पास के मैदान में लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला गया। अगले दिन रंजन का शव ठिकाने लगाने की तैयारी थी, लेकिन पुलिस ने बाकी आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के डर से अभिषेक यादव तब से लगातार फरार चल रहा था।
तीसरे आरोपी राजू दास, मुगलसराय थाना क्षेत्र के व्यासपुर (साहूपुरी), चंदौली का निवासी है, जो गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित था और उस पर भी 25 हजार का इनाम घोषित था। लालपुर-पांडेयपुर थाने की पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। राजू दास पर वाराणसी और चंदौली के विभिन्न थानों में चोरी, हथियार, धमकी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं।
तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त बड़ी सफलता माना जा रहा है। इन्हें संबंधित जिलों की पुलिस के हवाले कर दिया गया है और अब आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से इलाके में आपराधिक तत्वों के खिलाफ सख्त संदेश गया है कि कानून से बच पाना अब आसान नहीं होगा।
Share this content:
