May 1, 2026

लखनऊ: इनकम टैक्स ऑफिस में IRS अफसरों के बीच मारपीट, CBDT ने मांगी रिपोर्ट, FIR दर्ज

लखनऊ के आयकर विभाग कार्यालय में दो वरिष्ठ आईआरएस अधिकारियों — डिप्टी कमिश्नर गौरव गर्ग और जॉइंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा के बीच हुई मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। अब इस विवाद पर केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने संज्ञान लेते हुए दोनों अधिकारियों से लिखित जवाब तलब किया है। जांच में दोषी पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई भी हो सकती है।

घटना 29 मई को दोपहर 3:30 बजे की है जब गौरव गर्ग ऑफिस के छठे फ्लोर पर दो अन्य अधिकारियों के साथ एक कार्यक्रम की तैयारी कर रहे थे। तभी योगेंद्र मिश्रा बिना सूचना पहुंचे और कथित तौर पर गालियां देने लगे, फिर गिलास से पानी फेंक कर हमला कर दिया। इस मामले में गौरव की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है।

हालांकि, योगेंद्र मिश्रा ने भी पलटवार करते हुए आरोप लगाया है कि गौरव गर्ग ने उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश की और उनका जबरन तबादला करवाया। उन्होंने कहा कि उन्होंने गौरव गर्ग के कार्यकाल के दौरान हुई कथित अनियमितताओं की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दी थी, जिससे दोनों के बीच तनाव पैदा हो गया।

योगेंद्र का दावा है कि गौरव ने उनके साथ सामने ही गाली-गलौज और मारपीट की, और ये पूरी घटना CCTV में रिकॉर्ड है, जिसे कई वरिष्ठ अधिकारियों ने देखा भी है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर झूठा प्रचार किया जा रहा है ताकि गौरव के खिलाफ की गई शिकायतों को दबाया जा सके।

अब पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। साथ ही, CBDT भी अपने स्तर पर इस मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है। यह विवाद कर विभाग की छवि को गहरी चोट पहुंचा सकता है, इसलिए शीर्ष स्तर से कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!