कुशीनगर: सुरक्षा कारणों से लिंक एक्सप्रेस वे के दोनों लेन बंद, उद्घाटन फिर टला
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में लिंक एक्सप्रेस वे का उद्घाटन लगातार टलता जा रहा है और अब सुरक्षा कारणों से इसके दोनों लेन पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं। मंगलवार को खानिमपुर के पास बड़े-बड़े डिवाइडर रखकर सड़क को बंद कर दिया गया। यह वही रास्ता है जिससे स्थानीय लोग नियमित रूप से अपने वाहनों के साथ गुजरते थे।
सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में वर्षा के चलते पास ही स्थित कुशीनगर फोरलेन की सड़क लगभग 20 मीटर लंबी, 5 मीटर चौड़ी और 10 मीटर गहरी धंसी थी। यह दुर्घटना लिंक एक्सप्रेस वे से कुछ ही दूरी पर हुई थी। मीडिया में मामला आने के बाद आनन-फानन में गड्ढे की मरम्मत की गई। धंसे हुए हिस्से को तोड़कर उसमें से गिट्टी और मिट्टी निकाली गई और दोबारा डामर डालकर सड़क को ठीक किया गया।
अधिकारियों को आशंका है कि यदि बारिश के चलते फोरलेन की तरह लिंक एक्सप्रेस वे को भी नुकसान हुआ, तो यह बड़ा हादसा बन सकता है। इसी एहतियात के तहत इसे फिलहाल बंद कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि लिंक एक्सप्रेस वे का उद्घाटन अप्रैल में प्रस्तावित था, लेकिन सरयू नदी की धारा मोड़ने में हो रही देरी के चलते इसे मई तक टाल दिया गया था। अब वर्षा और सड़क धंसने की घटनाओं के कारण यह उद्घाटन फिर अनिश्चितकाल के लिए टलता नजर आ रहा है।
इस संबंध में उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) के अधिशासी अभियंता पी.पी. वर्मा से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया और न ही व्हाट्सएप संदेश का जवाब दिया।
स्थानीय लोग जहां सड़क के बार-बार धंसने से चिंतित हैं, वहीं अधिकारियों की चुप्पी ने सवाल और भी बढ़ा दिए हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सुरक्षा जांच पूरी होने तक एक्सप्रेस वे को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
Share this content:
