ललितपुर में हाईवे किनारे संदिग्ध हालत में मिला दरोगा का शव, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब नेशनल हाईवे के किनारे एक दरोगा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान बिरधा चौकी के इंचार्ज जितेंद्र सिंह के रूप में हुई है। शव के पास पड़ी उनकी सरकारी मोटरसाइकिल, पिस्टल, हेलमेट और पानी की बोतल देख राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना ललितपुर कोतवाली सदर क्षेत्र की है, जहां से ललितपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरता है।
घटनास्थल पर दरोगा का शव देखे जाने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों का जमावड़ा लग गया। एसपी मोहम्मद मुश्ताक, अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार और कोतवाली प्रभारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि दरोगा जितेंद्र सिंह ड्यूटी के दौरान बिरधा चौकी की ओर जा रहे थे। रास्ते में किन हालातों में उनकी मौत हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। मौके से कोई संघर्ष या गोली चलने के संकेत नहीं मिले हैं, जिससे मामले को और रहस्यमयी बना दिया है। अधिकारियों ने अब तक मौत की वजह पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी संभावित पहलुओं से जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं। एक जिम्मेदार पुलिस अधिकारी की इस तरह हाईवे किनारे संदिग्ध हालात में मौत ने इलाके में डर और असमंजस का माहौल बना दिया है। लोग जानना चाहते हैं कि आखिर ड्यूटी पर निकले दरोगा की मौत कैसे हो गई?
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह आत्महत्या है, दुर्घटना, बीमारी या किसी आपराधिक साजिश का नतीजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से कई अहम पहलुओं पर रोशनी पड़ने की उम्मीद है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स खंगालने का काम शुरू कर दिया है। दरोगा जितेंद्र सिंह के परिवार और सहयोगियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि किसी व्यक्तिगत या पेशेवर तनाव की आशंका की पुष्टि की जा सके।
ललितपुर पुलिस महकमा इस घटना को गंभीरता से ले रहा है और मामले की निष्पक्ष व गहन जांच की बात कह रहा है। दरोगा की अचानक हुई इस रहस्यमयी मौत का सच सामने लाने के लिए जांच तेज़ कर दी गई है।
Share this content:
