April 25, 2026

“मैं तुमसे टाइम पास कर रही थी…” — दुल्हन बनने वाली युवती के इस जवाब ने ले ली युवक की जान

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्यार में धोखा खाने के बाद एक युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रौनक पांडे के रूप में हुई है, जो गोविंद नगर मोहल्ला का निवासी था। एक साल से चल रहे प्रेम संबंधों के अचानक अंत ने उसे इस कदर तोड़ दिया कि उसने फांसी लगाकर जान दे दी।

रौनक और ब्रह्मनगर निवासी एक युवती के बीच पिछले एक साल से बातचीत हो रही थी और दोनों शादी करने को लेकर भी सहमत थे। लेकिन शनिवार को युवती ने अचानक रौनक से बातचीत तोड़ते हुए यह कह दिया कि वह उससे शादी नहीं करेगी। जब रौनक ने इसका कारण पूछा, तो युवती ने साफ शब्दों में कहा कि वह किसी और से प्यार करती है और उसी से शादी करेगी।

रौनक ने जब बीते एक साल के रिश्ते का हवाला दिया, तो युवती ने उसे यह कहकर और आहत कर दिया कि वह उससे केवल टाइम पास कर रही थी। जब रौनक ने उसे कहा कि वह अब क्या करेगा, तो युवती ने बेरुखी से जवाब दिया, “जो करना है करो, मरना है तो मरो।”

यह बातें सुनकर मानसिक रूप से टूट चुके रौनक ने घर जाकर अपनी बहन राधिका को सब कुछ बताया। कुछ ही देर बाद, जब राधिका जानवरों को चारा देने अपने प्लॉट पर गई, उसी दौरान रौनक ने मौका पाकर खुदकुशी कर ली।

पिता अभिषेक पांडे जब घर लौटे, तो राधिका ने उन्हें पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अभिषेक पांडे ने लड़की पर मानसिक प्रताड़ना और धोखे का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है। यह घटना एक बार फिर बताती है कि भावनात्मक रिश्तों में धोखा किस हद तक जानलेवा साबित हो सकता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!