May 8, 2026

T20 वर्ल्ड कप 2026 में वॉशिंगटन सुंदर की जगह कौन? टीम इंडिया के सामने कई मजबूत दावेदार

7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले टीम इंडिया के सामने एक नई चुनौती खड़ी हो गई है। ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर चोट के कारण न सिर्फ न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं, बल्कि उनका टी20 वर्ल्ड कप के शुरुआती मुकाबलों में खेलना भी मुश्किल माना जा रहा है। भारत मौजूदा चैंपियन के तौर पर इस टूर्नामेंट में उतरेगा और ऐसे में टीम मैनेजमेंट किसी भी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहेगा। सुंदर की गैरमौजूदगी में सबसे बड़ा सवाल यही है कि टीम इंडिया में उनकी जगह किस खिलाड़ी को मौका मिलेगा।

दरअसल, न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले ही मैच में वॉशिंगटन सुंदर गेंदबाजी के दौरान साइड स्ट्रेन का शिकार हो गए थे। उन्होंने सिर्फ 5 ओवर ही फेंके थे, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। इस चोट ने उन्हें पहले वनडे सीरीज से बाहर किया और फिर टी20 सीरीज से भी बाहर बैठना पड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुंदर को पूरी तरह फिट होने में अभी समय लग सकता है और वर्ल्ड कप के शुरुआती मैचों तक उनकी वापसी संदिग्ध बनी हुई है। ऐसे में चयनकर्ताओं के सामने रिप्लेसमेंट को लेकर कई विकल्प मौजूद हैं।

इस रेस में सबसे मजबूत दावेदार के तौर पर रियान पराग का नाम सामने आ रहा है। रियान भी वॉशिंगटन सुंदर की तरह स्पिन ऑलराउंडर हैं और ऑफ ब्रेक गेंदबाजी करते हैं। गेंदबाजी के साथ-साथ उनकी बल्लेबाजी और शानदार फील्डिंग उन्हें बाकी विकल्पों से अलग बनाती है। घरेलू क्रिकेट और IPL में रियान ने लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। हालांकि, वह भी हाल ही में कंधे की चोट से उबर रहे हैं, लेकिन उम्मीद है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज तक वह फिट हो जाएंगे। अगर ऐसा होता है तो टीम इंडिया में उनकी एंट्री लगभग तय मानी जा रही है।

रियान पराग के अलावा शाहबाज अहमद भी एक मजबूत विकल्प हैं। बाएं हाथ के इस स्पिन ऑलराउंडर ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया है। शाहबाज पहले भी टीम इंडिया के लिए वनडे और टी20 में डेब्यू कर चुके हैं, हालांकि उन्हें लंबे समय तक मौके नहीं मिले। इसके अलावा आयुष बडोनी का नाम भी चर्चा में है, जिन्हें सुंदर के बाहर होते ही वनडे स्क्वॉड में शामिल किया गया था। बडोनी ऑफ स्पिन के साथ-साथ मिडिल ऑर्डर में तेज रन बनाने की क्षमता रखते हैं और फिनिशर की भूमिका निभा सकते हैं।

इन नामों के अलावा नीतीश कुमार रेड्डी और क्रुणाल पंड्या भी विकल्पों में शामिल हैं। नीतीश मीडियम पेस ऑलराउंडर हैं और पिछले कुछ समय से टीम के साथ जुड़े हुए हैं, हालांकि उनका प्रदर्शन लगातार सवालों में रहा है। वहीं क्रुणाल पंड्या अनुभवी खिलाड़ी हैं और घरेलू क्रिकेट व IPL में उनका हालिया फॉर्म अच्छा रहा है, लेकिन अगर टीम मैनेजमेंट भविष्य को ध्यान में रखकर चयन करता है तो उनकी वापसी मुश्किल नजर आती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि चयनकर्ता अनुभव, फॉर्म और टीम संतुलन में से किसे प्राथमिकता देते हैं और वॉशिंगटन सुंदर की जगह टीम इंडिया में किसे मौका मिलता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!