प्रभास की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द राजा साब’ रिलीज से पहले जबरदस्त चर्चा में थी। हॉरर-कॉमेडी जॉनर, बड़े स्टारकास्ट और प्रभास की फैन फॉलोइंग को देखते हुए फिल्म से बड़ी ओपनिंग और मजबूत कलेक्शन की उम्मीद की जा रही थी। हालांकि 9 जनवरी 2026 को रिलीज होने के बाद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर खरी उतरती नजर नहीं आ रही है और 10वें दिन तक इसका प्रदर्शन निराशाजनक बना हुआ है।
मारुति के निर्देशन में बनी ‘द राजा साब’ ने शुरुआती दिनों में ही धीमी कमाई के संकेत दे दिए थे। ओपनिंग वीकेंड के बाद भी फिल्म की कमाई में कोई खास उछाल देखने को नहीं मिला। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 10वें दिन महज 2.26 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। वहीं भारत में अब तक इसका कुल कलेक्शन करीब 139.25 करोड़ रुपये रहा है, जबकि वर्ल्डवाइड कमाई लगभग 200 करोड़ रुपये के आसपास बताई जा रही है।
दिलचस्प बात यह है कि प्रभास की पिछली फ्लॉप मानी जाने वाली फिल्म ‘आदिपुरुष’ से भी ‘द राजा साब’ की हालत खराब बताई जा रही है। ‘आदिपुरुष’ ने रिलीज के 10 दिनों में भारत में 275 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया था, जबकि वर्ल्डवाइड आंकड़ा 378 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया था। इसके मुकाबले ‘द राजा साब’ की कमाई काफी पीछे नजर आ रही है, जिससे ट्रेड एक्सपर्ट्स भी हैरान हैं।
फिल्म की कमजोर कमाई के पीछे इसकी कहानी और प्रस्तुति को बड़ी वजह माना जा रहा है। दर्शकों का कहना है कि हॉरर-कॉमेडी का कॉन्सेप्ट दमदार नहीं बन पाया और स्क्रिप्ट में कसाव की कमी साफ नजर आती है। हालांकि प्रमोशन के दौरान मेकर्स ने फिल्म की परफॉर्मेंस को लेकर भरोसा जताया था, लेकिन रिलीज के बाद वह दावे जमीन पर उतरते नहीं दिखे।
‘द राजा साब’ में प्रभास के साथ संजय दत्त, मालविका मोहनन, निधि अग्रवाल, रिद्धि कुमार, बोमन ईरानी और जरीना वहाब जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। बावजूद इसके, स्टारकास्ट की मौजूदगी भी फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर संभाल नहीं पाई। अब आने वाले दिनों में वीकडेज़ कलेक्शन पर सबकी नजरें टिकी हैं, लेकिन फिलहाल ‘द राजा साब’ प्रभास के करियर की कमजोर फिल्मों में गिनी जाने लगी है।
Share this content:
