तेहरान: पाकिस्तानी आतंकियों पर बरसा ईरान, सेना प्रमुख ने आसिम मुनीर से की सख्त बात
ईरान ने पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठनों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। ईरान के सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल मोहम्मद मौसवी ने पाकिस्तान के सेनाध्यक्ष फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर से टेलीफोन पर बातचीत कर चेतावनी दी कि सीमा पार से हो रही आतंकी गतिविधियों को तुरंत काबू किया जाए। मौसवी ने साफ कहा कि ईरान अब इन हमलों को और बर्दाश्त नहीं करेगा और पाकिस्तान को ठोस कार्रवाई करनी होगी।
बातचीत के दौरान मौसवी ने जोर दिया कि हाल के दिनों में ईरान-पाकिस्तान सीमा के दोनों ओर आतंकियों की गतिविधियां खतरनाक स्तर तक बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि ईरान आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तान के साथ मिलकर काम करने को तैयार है, लेकिन जरूरी है कि पाकिस्तानी सेना भी पूरी गंभीरता से कदम उठाए। ईरानी जनरल ने इस बात की उम्मीद जताई कि द्विपक्षीय सहयोग से जैश-अल-अदल जैसे आतंकी संगठनों के खिलाफ ठोस और व्यावहारिक कार्रवाई की जाएगी।
ईरान ने यह भी साफ किया कि हाल के आतंकी हमलों ने उसकी आंतरिक सुरक्षा को गहरी चोट पहुंचाई है। जुलाई में ज़ाहदेन में कोर्ट पर हुए हमले में 6 लोगों की मौत हुई थी, वहीं अगस्त में ईरानशहर में पुलिसकर्मियों पर आतंकियों ने गोलियां चलाईं जिसमें एक जवान की जान चली गई। इसके अलावा चाबहार में हुए विस्फोटों के पीछे भी पाकिस्तान से जुड़े बलूच आतंकी गुटों का हाथ माना जा रहा है।
पाकिस्तान पहले से ही भारत और अफगानिस्तान जैसे पड़ोसियों से आतंकवाद को लेकर घिरा हुआ है। अब ईरान का खुला विरोध पाकिस्तान की मुश्किलें और बढ़ा सकता है। मौसवी ने कहा कि पाकिस्तान की ओर से हाल ही में कुछ कदम जरूर उठाए गए हैं, लेकिन उन्हें और प्रभावी बनाने की जरूरत है। साफ है कि ईरान अब पाकिस्तान पर दबाव बढ़ा रहा है ताकि सीमा पार आतंक की आग को बुझाया जा सके।
Share this content:
