TCI एक्सप्रेस अगले पांच वर्षों में करेगी 500 करोड़ का निवेश, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क के विस्तार पर रहेगा फोकस

नई दिल्ली। भारत की अग्रणी एक्सप्रेस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों में शामिल टीसीआई एक्सप्रेस लिमिटेड ने अपने कारोबार के विस्तार और परिचालन क्षमताओं को मजबूत करने के लिए अगले पांच वर्षों में ₹500 करोड़ के निवेश की बड़ी योजना बनाई है। कंपनी इस निवेश का उपयोग बुनियादी ढांचे के विकास, आधुनिक तकनीक एवं ऑटोमेशन, नेटवर्क के अनुकूलन और तेजी से बढ़ते व्यावसायिक क्षेत्रों की क्षमता बढ़ाने पर करेगी। इस रणनीतिक निवेश का उद्देश्य देशभर में लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को अधिक सक्षम, प्रभावी और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है।

कंपनी की ओर से यह निवेश प्रतिबद्धता वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में दर्ज किए गए मजबूत कारोबारी प्रदर्शन के बाद सामने आई है। इस अवधि में टीसीआई एक्सप्रेस के घरेलू एयर एक्सप्रेस कारोबार में सालाना आधार पर 29.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि ई-कॉमर्स एक्सप्रेस कारोबार में 51.6 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई। वहीं, सरफेस एक्सप्रेस कारोबार ने भी 9.4 प्रतिशत की स्थिर सालाना वृद्धि हासिल की। कंपनी के मुताबिक, इन तीनों व्यावसायिक क्षेत्रों में लगातार मिल रही वृद्धि भविष्य में उसके कारोबार के विस्तार के प्रमुख आधार बनेंगे। गौरतलब है कि टीसीआई एक्सप्रेस पिछले सात वर्षों के दौरान बुनियादी ढांचे और कारोबार के विकास पर पहले ही ₹500 करोड़ का निवेश कर चुकी है। अब प्रस्तावित निवेश के तहत कंपनी का विशेष जोर उच्च प्रदर्शन वाले व्यावसायिक क्षेत्रों के विस्तार, उनके नेटवर्क को अलग-अलग जरूरतों के अनुसार अधिक प्रभावी बनाने और कार्यबल को मजबूत करने पर रहेगा।

तीन शहरों में बनेंगे नए सॉर्टिंग सेंटर, 4 लाख वर्ग फुट में होगा विकास

लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को मजबूती देने की दिशा में टीसीआई एक्सप्रेस ने अहमदाबाद, लखनऊ और कोलकाता में तीन नए पूर्ण स्वामित्व वाले सॉर्टिंग सेंटर शुरू करने की घोषणा की है। इन केंद्रों का निर्माण रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थानों पर किया जाएगा और इनका कुल क्षेत्रफल लगभग 4 लाख वर्ग फुट होगा। इनके शुरू होने के बाद कंपनी के पूर्ण स्वामित्व वाले सॉर्टिंग सेंटर की संख्या बढ़कर 28 हो जाएगी। नए केंद्रों से शिपमेंट की प्रोसेसिंग क्षमता में बढ़ोतरी के साथ-साथ कंपनी की परिचालन पहुंच भी विस्तृत होगी। इससे विभिन्न क्षेत्रों में ग्राहकों को अधिक तेज और प्रभावी एक्सप्रेस डिलीवरी सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

दो सॉर्टिंग सेंटर होंगे पूरी तरह ऑटोमेटेड

कंपनी अपनी तकनीक आधारित परिचालन व्यवस्था को भी नए स्तर पर ले जाने की तैयारी कर रही है। इसी रणनीति के तहत अहमदाबाद और कोलकाता में स्थापित होने वाले सॉर्टिंग सेंटर पूरी तरह ऑटोमेटेड होंगे। इन केंद्रों के चालू होने के बाद टीसीआई एक्सप्रेस के नेटवर्क में पूरी तरह ऑटोमेटेड सॉर्टिंग सेंटर की संख्या बढ़कर चार हो जाएगी। ऑटोमेशन से शिपमेंट की छंटाई और प्रोसेसिंग की गति बढ़ने, परिचालन लागत एवं समय को बेहतर तरीके से प्रबंधित करने तथा सेवा की विश्वसनीयता मजबूत होने की उम्मीद है। इसके अलावा, इन नए केंद्रों के विकास और संचालन से संबंधित क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

मजबूत लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर बनाना कंपनी की प्राथमिकता : चंदर अग्रवाल

टीसीआई एक्सप्रेस के मैनेजिंग डायरेक्टर चंदर अग्रवाल ने कंपनी की विस्तार योजनाओं पर कहा कि निरंतर विकास और नवाचार कंपनी की कार्यशैली एवं विकास दर्शन के प्रमुख आधार हैं। भारत की अग्रणी एक्सप्रेस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों में शामिल होने के नाते टीसीआई एक्सप्रेस देश के तेजी से बदलते आर्थिक और उपभोक्ता परिदृश्य को सहयोग देने के लिए मजबूत लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने को अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मानती है।

उन्होंने कहा कि कंपनी अपने विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में मजबूत विकास गति देख रही है। विशेष रूप से घरेलू एयर एक्सप्रेस और ई-कॉमर्स एक्सप्रेस कारोबार वित्त वर्ष 2027 में विकास के प्रमुख कारक बनकर उभरे हैं। विस्तार के अगले चरण में कंपनी का ध्यान प्रत्येक व्यावसायिक क्षेत्र की क्षमताओं को मजबूत करने, परिचालन दक्षता बढ़ाने और अधिक सक्षम, लचीला एवं विस्तार योग्य नेटवर्क तैयार करने पर रहेगा। अगले पांच वर्षों में ₹500 करोड़ के निवेश की प्रतिबद्धता भारत के एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स उद्योग की दीर्घकालिक विकास संभावनाओं में कंपनी के विश्वास और बाजार में अपनी अग्रणी स्थिति को और मजबूत करने के संकल्प को दर्शाती है।

भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार होगा लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम

टीसीआई एक्सप्रेस के ये निवेश केवल नेटवर्क विस्तार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कंपनी की दीर्घकालिक कारोबारी रणनीति का भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। बुनियादी ढांचे के विकास, ऑटोमेशन, तकनीकी नवाचार और तेजी से बढ़ते कारोबारों में क्षमता विस्तार के जरिए कंपनी अपने लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना चाहती है। नए सॉर्टिंग सेंटर और आधुनिक परिचालन व्यवस्था से शिपमेंट प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। कंपनी का लक्ष्य अपनी सेवा क्षमताओं में सुधार करने के साथ संगठित एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में भारत की अग्रणी कंपनियों में अपनी स्थिति को और सुदृढ़ करना है।

Share this content:

About The Author

You may have missed