April 21, 2026

सुल्तानपुर दौरे पर ओपी राजभर का बयान: पंचायत चुनाव अकेले लड़ेंगे, राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने सोमवार को सुल्तानपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए साफ किया कि पंचायत चुनाव में उनकी पार्टी अकेले ही मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन में लड़ने पर कम सीटें मिलती हैं जिससे छोटे नेताओं को मौका नहीं मिल पाता। इसलिए हमारी कोशिश रहती है कि ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं को चुनाव में उतारा जाए।

 

राजभर ने पंचायत चुनाव को जमीनी कार्यकर्ताओं के लिए बड़ा अवसर बताते हुए कहा कि जो विधायक या सांसद का चुनाव नहीं लड़ सकता, वह पंचायत चुनाव में अपनी मेहनत का फल पा सकता है। ऐसे कार्यकर्ताओं को मंच देना जरूरी है।

 

राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि जब भी राहुल विदेश जाते हैं, भारत को बदनाम करते हैं। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने 60 साल तक राज किया, तब उन्होंने विदेश नीति मजबूत क्यों नहीं बनाई?

 

बेसिक शिक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सोच स्पष्ट है—सबका साथ, सबका विकास। प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। अब अध्यापक अपनी जिम्मेदारी बेहतर ढंग से निभा रहे हैं और स्कूलों का स्वरूप पहले से काफी बदला है। सरकार प्राथमिक विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

 

इतिहास और महापुरुषों के सम्मान पर उन्होंने कहा कि पहले हमारे महापुरुषों का योगदान इतिहास से गायब कर दिया गया था, लेकिन अब एनडीए सरकार अभियान चलाकर उनके योगदान को आम जनता तक पहुंचा रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!