सिर्फ 89 रन दूर शुभमन गिल, डॉन ब्रैडमैन का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ रच सकते हैं इतिहास
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। सीरीज का पांचवां और निर्णायक मुकाबला 31 जुलाई से लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर खेला जाएगा। मैनचेस्टर में खेला गया चौथा टेस्ट मैच ड्रॉ रहा, जिसमें कप्तान शुभमन गिल ने शानदार शतक लगाकर भारत को संकट से उबारा। अब सीरीज के आखिरी मैच में एक बार फिर सभी की निगाहें शुभमन गिल पर होंगी, जो इस समय बल्ले से शानदार लय में हैं।
शुभमन गिल इस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अब तक 4 मैचों की 8 पारियों में 90.25 के शानदार औसत से कुल 722 रन बनाए हैं। इस आंकड़े के साथ उन्होंने दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों की लिस्ट में जगह बना ली है और अब वो एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ने से महज 89 रन दूर हैं। अगर गिल ओवल टेस्ट में दोनों पारियों को मिलाकर 89 रन बना लेते हैं, तो वो डॉन ब्रैडमैन को पीछे छोड़कर एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तान बन जाएंगे।
डॉन ब्रैडमैन ने एक सीरीज में 810 रन बनाए थे, जो अब तक का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। शुभमन गिल को इस रिकॉर्ड तक पहुंचने के लिए बस एक और अच्छी पारी की जरूरत है। दिलचस्प बात यह है कि गिल अपनी कप्तानी की डेब्यू टेस्ट सीरीज में ही यह इतिहास रचने की दहलीज पर हैं, जो उन्हें और भी खास बनाता है।
शुभमन गिल के लिए एक और बड़ा रिकॉर्ड लगभग तय माना जा रहा है। वह जल्द ही एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बन सकते हैं। अभी तक यह रिकॉर्ड सुनील गावस्कर के नाम है, जिन्होंने एक सीरीज में 732 रन बनाए थे। गिल को इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए महज 11 रन की दरकार है, जो उनके फॉर्म को देखते हुए बेहद आसान लग रहा है।
गिल अब जिस लय में हैं, उसे देखकर लग रहा है कि डॉन ब्रैडमैन से लेकर गावस्कर तक, सभी की उपलब्धियों को पीछे छोड़ने का समय अब आ गया है। अगर वे 5वें टेस्ट में बड़ा स्कोर खड़ा करते हैं, तो यह सिर्फ भारत के लिए नहीं, बल्कि टेस्ट क्रिकेट के इतिहास के लिए भी एक यादगार क्षण होगा।
Share this content:
