प्रीति जिंटा ने इसी फिल्म से किया था डेब्यू, मणि रत्नम की इस फिल्म को आज भी बॉलीवुड की क्लासिक रोमांटिक थ्रिलर में गिना जाता है
बॉलीवुड में शाहरुख खान और काजोल की ऑन-स्क्रीन जोड़ी को आइकॉनिक माना जाता है। ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘कुछ कुछ होता है’, ‘कभी खुशी कभी गम’ जैसी फिल्मों में दोनों की केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आई। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि काजोल ने अपने करियर के सबसे चर्चित दौर में शाहरुख खान की ही एक बड़ी फिल्म को ठुकरा दिया था। यह फिल्म थी साल 1998 में रिलीज हुई दिल से।
रिपोर्ट्स के अनुसार, काजोल को फिल्म का ऑफर मिला था लेकिन डेट्स न मिलने के कारण उन्होंने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया। बाद में फिल्म में मनीषा कोइराला को कास्ट किया गया, जबकि एक नए चेहरे के रूप में प्रीति जिंटा को सपोर्टिंग रोल में लॉन्च किया गया। यह वही फिल्म है जिसमें प्रीति का 10 मिनट का रोल देखकर दर्शकों ने उनकी खूब तारीफ की और उन्होंने अपने करियर की शुरुआत में ही पहचान बना ली।
मणि रत्नम द्वारा निर्देशित यह रोमांटिक थ्रिलर कुल 10 करोड़ रुपये की लागत में बनी थी और दुनियाभर में 29 करोड़ की कमाई की। रिलीज के समय फिल्म को मिश्रित प्रतिक्रिया मिली, लेकिन संगीत, सिनेमैटोग्राफी और कहानी की वजह से फिल्म धीरे-धीरे एक कल्ट स्टेटस में बदल गई। फिल्म का लोकप्रिय गाना “छैयां-छैयां” आज भी हिंदी सिनेमा का एक आइकॉनिक ट्रैक माना जाता है।
फिल्म ने अवॉर्ड्स की दुनिया में भी बड़ा धमाका किया। दिल से को फिल्मफेयर में 6 अवॉर्ड मिले, जिनमें बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर, बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर, बेस्ट लिरिसिस्ट, बेस्ट सिनेमैटोग्राफी और बेस्ट कोरियोग्राफी शामिल थे। इसके अलावा फिल्म ने 2 राष्ट्रीय पुरस्कार—बेस्ट सिनेमैटोग्राफी और बेस्ट ऑडियोग्राफी—भी हासिल किए। सिर्फ यही नहीं, फिल्म ने बर्लिन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में भी भारत का नाम रोशन किया।
आज रिलीज़ के 27 साल बाद भी यह फिल्म दर्शकों की पसंद बनी हुई है। कई फिल्म विश्लेषकों का मानना है कि यदि काजोल ने यह फिल्म की होती, तो शाहरुख और काजोल की जोड़ी का एक और अनोखा रूप सामने आता। हालांकि मनीषा कोइराला की अदाकारी ने फिल्म को अलग ऊंचाई दी और इसे यादगार बना दिया।
फिल्म दिल से न सिर्फ शाहरुख खान के करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में से एक साबित हुई, बल्कि यह उस दौर का सिनेमा भी दर्शाती है जिसमें बॉलीवुड ने एक्सपेरिमेंटल कहानी और संगीत को बड़ी स्केल पर पेश करना शुरू किया था।
Share this content:
