क्या इस हफ्ते शेयर बाजार में चमकेगी किस्मत? RBI का फैसला डाल सकता है बड़ा असर
इस हफ्ते शेयर बाजार में जबरदस्त हलचल देखने को मिल सकती है क्योंकि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक 4 जून से 6 जून 2025 के बीच होनी है। इस बैठक में रेपो रेट में 0.25% यानी 25 बेसिस पॉइंट की संभावित कटौती की उम्मीद जताई जा रही है। यदि ऐसा होता है, तो यह लगातार दूसरी बार होगा जब RBI रेपो दर में कटौती करेगा।
पिछली बार अप्रैल में जब RBI ने रेपो रेट में 0.25% की कटौती की थी, तो शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल आया था। यही वजह है कि निवेशक इस बार भी बाजार में तेजी की उम्मीद कर रहे हैं।
पिछले हफ्ते शेयर बाजार में अस्थिरता रही थी। सेंसेक्स 270.07 अंक यानी 0.33% और निफ्टी 102.45 अंक यानी 0.41% गिरावट के साथ बंद हुए थे। ऐसे में निवेशकों की निगाहें अब पूरी तरह RBI की नीति पर टिकी हैं।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा है कि बाजार की दिशा काफी हद तक 6 जून को RBI की नीति पर निर्भर करेगी। इसके साथ ही वाहन बिक्री, आर्थिक गतिविधियों के आंकड़े, मानसून की प्रगति और विदेशी निवेशक (FII) की भागीदारी जैसे कारक भी बाजार को प्रभावित कर सकते हैं।
वहीं, अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर भी अच्छी खबर है। वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में भारत की GDP 6.5% की दर से बढ़ी है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था का आकार 3.9 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया है। यह भी निवेशकों के लिए पॉजिटिव संकेत हो सकता है।
अगर RBI रेपो रेट में कटौती करता है, तो इसका फायदा सीधे तौर पर आम लोगों को मिलेगा। उनकी लोन ईएमआई कम होगी, जिससे उनकी खर्च करने की क्षमता बढ़ेगी और इससे बाजार में मांग बढ़ेगी। यही बढ़ती मांग शेयर बाजार को मजबूती दे सकती है।
Share this content:
