April 18, 2026

होम लोन ईएमआई में मिल सकती है राहत, RBI फिर कर सकता है ब्याज दरों में कटौती

देश के आम लोगों के लिए राहत भरी खबर है। होम लोन और कार लोन की ईएमआई एक बार फिर सस्ती हो सकती है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक 4 जून से 6 जून 2025 तक होने जा रही है, जिसमें रेपो रेट में 0.25% की संभावित कटौती की उम्मीद जताई जा रही है। अगर ऐसा होता है, तो बीते छह महीनों में यह तीसरी बार होगा जब RBI ब्याज दरों में कटौती करेगा।

फरवरी और अप्रैल में RBI पहले ही दो बार 0.25-0.25 प्रतिशत की कटौती कर चुका है, जिससे रेपो रेट अब 6 प्रतिशत पर आ चुका है। इस बार भी कटौती की संभावनाएं इसलिए मजबूत हैं क्योंकि देश की खुदरा महंगाई दर फिलहाल 4 प्रतिशत से नीचे बनी हुई है, जो RBI के तय लक्ष्य के भीतर है।

रेपो रेट में कटौती से बैंकों की पूंजी की लागत घटती है और बैंक लोन की ब्याज दरें घटा देते हैं। इससे ग्राहकों को होम लोन, कार लोन जैसी रिटेल लोन की ईएमआई में राहत मिलती है। फरवरी 2025 के बाद से बैंक लगातार ब्याज दरों में कटौती कर रहे हैं।

बैंक ऑफ बड़ौदा के चीफ इकोनॉमिस्ट मदन सबनवीस के अनुसार, महंगाई नियंत्रण में है और बाजार में नकदी की स्थिति भी बेहतर है, इसलिए इस बार भी 0.25% की कटौती संभव है। वहीं, रेटिंग एजेंसी इक्रा की चीफ इकोनॉमिस्ट अदिति नायर का कहना है कि पूरे वित्त वर्ष में CPI महंगाई दर 4% के आसपास रहने की संभावना है, इसलिए मौद्रिक नीति में नरमी जारी रह सकती है।

अगर 6 जून को रेपो रेट में कटौती होती है, तो देशभर के करोड़ों लोनधारकों को राहत मिलेगी और उनकी मासिक ईएमआई और कम हो सकती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!