April 24, 2026

एसबीआई ने शेयरहोल्डर्स के लिए डिविडेंड का किया ऐलान, मुनाफा गिरा लेकिन आमदनी में बढ़ोतरी

भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने वित्त वर्ष 2024-25 की जनवरी-मार्च तिमाही में अपने मुनाफे में गिरावट के बावजूद शेयरहोल्डर्स को राहत दी है। बैंक ने प्रति इक्विटी शेयर 15.90 रुपये का लाभांश घोषित किया है। इसके लिए रिकॉर्ड तिथि 16 मई तय की गई है, जबकि भुगतान की तिथि 30 मई, 2025 रखी गई है। बैंक का शुद्ध लाभ इस तिमाही में 10 प्रतिशत घटकर 18,643 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल की समान अवधि में 20,698 करोड़ रुपये था। हालांकि, बैंक की कुल आय बढ़कर 1,43,876 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले 1,28,412 करोड़ रुपये थी। ब्याज से आय भी बढ़कर 1,19,666 करोड़ रुपये रही, जबकि पिछले साल यह 1,11,043 करोड़ रुपये थी।

 

बैंक की सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (NPA) भी घटकर कुल कर्ज का 1.82 प्रतिशत रह गईं, जो पहले 2.24 प्रतिशत थीं। शुद्ध एनपीए भी 0.57 प्रतिशत से घटकर 0.47 प्रतिशत हो गया है। एकीकृत आधार पर बैंक का शुद्ध लाभ 8 प्रतिशत घटकर 19,600 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल इसी अवधि में 21,384 करोड़ रुपये था। हालांकि, बैंक की कुल आमदनी 1,64,914 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,79,562 करोड़ रुपये हो गई। पूरे वित्त वर्ष 2024-25 में बैंक का एकल आधार पर शुद्ध लाभ 16 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 70,901 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 61,077 करोड़ रुपये था।

 

इसके साथ ही एसबीआई बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान पात्र संस्थागत नियोजन (क्यूआईपी), फॉलो ऑन पब्लिक ऑफर (एफपीओ) या अन्य माध्यमों से एक या अधिक किस्तों में 25,000 करोड़ रुपये तक की इक्विटी पूंजी जुटाने को भी मंजूरी दी है।

 

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!