राजस्थान के सवाई माधोपुर स्थित रणथंभौर टाइगर रिजर्व की कुण्डेरा रेंज से एक चौंकाने वाला दृश्य सामने आया है, जहां एक बाघ ने झुंड अलग चर रहे सांड पर घात लगाकर हमला कर दिया। घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। सांड ने कई बार बाघ की पकड़ से छूटने की कोशिश की, लेकिन उसकी मजबूत पकड़ से बच नहीं सका और अंत में शिकार बन गया।
मामला कुण्डेरा रेंज के भदलाव चौकी से कुंलडा के भैरव जी मार्ग के पास का है। यहां मवेशियों का एक झुंड घास चर रहा था, जिनमें से एक सांड थोड़ा अलग चला गया था। झाड़ियों में पहले से छिपा बाघ सांड के पर्याप्त करीब आने का इंतजार कर रहा था। मौका मिलते ही उसने तेज गति से सांड पर झपट्टा मारा और उसकी गर्दन को अपने जबड़ों में दबोच लिया। हमले के कुछ ही सेकंड में सांड जमीन पर गिर पड़ा लेकिन उसने उठकर बचने की कोशिश भी की।
आसपास चर रहे दूसरे मवेशी सांड की दर्द भरी आवाज सुनकर घबरा गए और डर के कारण एक जगह जमा हो गए, लेकिन किसी ने मदद करने की हिम्मत नहीं जुटाई। बाघ की पकड़ बेहद मजबूत थी और सांड जितना छूटने की कोशिश करता, बाघ उतना ही उसे दबोचता रहा। आखिरकार सांड की ताकत जवाब दे गई और वह बाघ का शिकार बन गया।
पूरा घटनाक्रम उस समय वहां मौजूद सैलानियों ने अपनी केंटर गाड़ियों से मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। जंगल में इस तरह का शिकार लाइव देखना बेहद दुर्लभ माना जाता है। अचानक हुए हमले और सांड-बाघ की संघर्षपूर्ण भिड़ंत ने पर्यटकों के लिए यह एक रोमांचक और यादगार अनुभव बना दिया।
स्थानीय वनकर्मियों का कहना है कि बाघों का ऐसा शिकार पूरी तरह प्राकृतिक व्यवहार है, लेकिन इसे इतने स्पष्ट तरीके से कैमरे में कैद होते कम ही देखा जाता है। रणथंभौर में बाघों की बढ़ती गतिविधियां भी हाल के दिनों में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
Share this content:
