सावन स्पेशल: जब इन सितारों ने निभाया भगवान शिव का किरदार, श्रद्धालुओं के दिलों में बना लिया देवता जैसा स्थान
सावन का पावन महीना शुरू हो चुका है और शिवभक्तों की भक्ति हर तरफ गूंज रही है। इस दौरान न केवल मंदिरों में हर-हर महादेव की गूंज सुनाई देती है, बल्कि फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में भगवान शंकर के किरदार भी श्रद्धालुओं को उसी भक्ति की अनुभूति कराते हैं। भारतीय सिनेमा और टीवी जगत में कई ऐसे कलाकार हुए हैं जिन्होंने भगवान शिव का किरदार निभाकर खुद को न केवल लोकप्रिय बनाया, बल्कि जनता की श्रद्धा भी हासिल की। कुछ को तो लोगों ने सच में ‘भोलेनाथ’ जैसा मान लिया और आज भी उनकी छवि महादेव के रूप में ही देखी जाती है।
सबसे पहले बात अक्षय कुमार की करें तो उन्होंने फिल्म ‘ओएमजी 2’ में भगवान शिव की भूमिका निभाई और बेहद संतुलित अभिनय से दर्शकों के दिलों में घर कर गए। यही नहीं, अक्षय ने साउथ की फिल्म ‘कन्नाप्पा’ में भी महादेव का किरदार निभाया और तेलुगू सिनेमा में एक नया अध्याय जोड़ा। वहीं 70 और 80 के दशक में अरुण गोविल ने फिल्म ‘हर हर महादेव’ में भोलेनाथ का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने बहुत पसंद किया। बाद में वे रामानंद सागर की रामायण में श्रीराम बनकर लोकप्रिय हुए, लेकिन उनके शिव अवतार को भी आज तक याद किया जाता है।
‘देवों के देव…महादेव’ सीरियल के जरिए मोहित रैना ने भगवान शिव के रूप में अपार लोकप्रियता हासिल की। 2011 से 2014 तक चले इस शो ने उन्हें एक ऐसी पहचान दी, जिससे वे आज भी जुड़े हैं। उनकी आंखों की शांति, संवाद अदायगी और दिव्य व्यक्तित्व ने उन्हें महादेव के किरदार में अमर कर दिया। वहीं टीवी अभिनेता तरुण खन्ना ने भी कई पौराणिक धारावाहिकों में भगवान शिव का किरदार निभाया है। वे इतने बार इस किरदार में नजर आ चुके हैं कि आज भी जब कोई नया शिव आधारित शो आता है, तो सबसे पहले उनका नाम याद आता है।
गुरमीत चौधरी ने भी एक अनूठे अंदाज में भगवान शंकर का रूप लिया था। उन्होंने ‘झलक दिखला जा’ सीजन 5 में एक डांस परफॉर्मेंस के जरिए महादेव की छवि को जीवंत किया था, जिसे खूब सराहा गया। इन कलाकारों ने महज अभिनय नहीं किया, बल्कि एक आस्था, एक विश्वास और एक आदर्श को मंच पर जीवंत किया। सावन के इस पवित्र महीने में जब हर दिल ‘बम-बम भोले’ कह रहा है, तब इन कलाकारों की भक्ति-भावना में रंगी भूमिकाएं हर किसी को महादेव की याद दिला रही हैं।
Share this content:
