स्टार क्रिकेटर और सांसद… एक ऐसी प्रेम कहानी, जो राजनीति और क्रिकेट के गलियारों से होती हुई अब शादी के मंडप तक पहुंच चुकी है।
क्रिकेट की दुनिया में दमदार बल्लेबाजी से नाम कमाने वाले रिंकू सिंह और राजनीति के मंच पर पहली बार सांसद बनने वाली प्रिया सरोज अब जीवनसाथी बनने जा रहे हैं। दोनों की सगाई और शादी की तारीखें अब सामने आ चुकी हैं और इन कार्यक्रमों को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है।
सगाई 8 जून 2025 को लखनऊ में एक बेहद निजी समारोह में होगी, जिसमें सिर्फ परिवार के लोग और बेहद करीबी दोस्त शामिल होंगे। वहीं शादी 18 नवंबर 2025 को वाराणसी के फाइव स्टार होटल ताज में भव्य आयोजन के साथ होगी। शादी में क्रिकेट, राजनीति और बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
लेकिन ये रिश्ता अचानक नहीं बना। सूत्रों के मुताबिक, रिंकू और प्रिया एक-दूसरे को पहले से जानते थे। उनकी पहली मुलाकात प्रिया की एक सहेली के पिता के ज़रिए हुई थी, जो पेशे से क्रिकेटर हैं। धीरे-धीरे जान-पहचान दोस्ती में बदली और फिर ये रिश्ता शादी तक पहुंच गया। अलीगढ़ में रिंकू के परिवार से मुलाकात के बाद प्रिया के पिता तूफानी सरोज, जो जौनपुर के केराकत से सपा विधायक हैं, ने इस रिश्ते पर हामी भर दी।
प्रिया सरोज, मछलीशहर लोकसभा सीट से 2024 में सांसद बनीं और पेशे से वकील हैं। उन्होंने दिल्ली के एयरफोर्स गोल्डन जुबली स्कूल से पढ़ाई की है, फिर दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और एमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा से एलएलबी किया है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में भी वकालत की है।
दूसरी ओर, रिंकू सिंह, जो आज भारतीय टीम के भरोसेमंद फिनिशर माने जाते हैं, ने काफी संघर्षों के बाद यह मुकाम हासिल किया है। अलीगढ़ के एक साधारण परिवार से आने वाले रिंकू के पिता सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे। उन्होंने महज़ 9वीं तक पढ़ाई की है, लेकिन क्रिकेट में उन्होंने वो मुकाम बनाया है जिसकी मिसाल दी जाती है। IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से खेलते हुए रिंकू ने बैक-टू-बैक पांच छक्कों के रिकॉर्ड से सबका ध्यान खींचा था।
अब जब ये दोनों सितारे एक-दूसरे के जीवनसाथी बनने जा रहे हैं, तो यह शादी सिर्फ दो लोगों की नहीं बल्कि क्रिकेट और राजनीति के मेल का प्रतीक भी बन रही है। दोनों परिवार इस मौके को यादगार बनाने में जुटे हुए हैं और तैयारियां ज़ोर-शोर से चल रही हैं।
तो तैयार हो जाइए – 8 जून को सगाई और 18 नवंबर को होगी साल की सबसे चर्चित शाही शादी!
Share this content:
