सहारनपुर में ईद की नमाज से पहले हंगामा, नारेबाजी के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा

सहारनपुर में ईद की नमाज के दौरान उस वक्त हलचल मच गई जब कुछ नमाजियों ने सड़क पर नमाज पढ़ने की कोशिश की। प्रशासन ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण होती गई और नारेबाजी शुरू हो गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बमुश्किल हालात को संभाला और समझा-बुझाकर सभी को ईदगाह के अंदर ही नमाज अदा करने के लिए राजी किया। इसके बाद ईदगाह में शांतिपूर्ण माहौल में नमाज संपन्न हुई, जिसमें हजारों लोगों ने अल्लाह की इबादत में हाथ उठाए।

शहर काजी नदीम अख्तर ने ईद की नमाज अदा कराई और देश में अमन-चैन व खुशहाली की दुआ की। उन्होंने तकरीर में कहा कि हमें एक-दूसरे की मदद करनी चाहिए और गुनाहों से तौबा करनी चाहिए। उन्होंने नेक कार्य करने और दूसरों को तकलीफ न देने की नसीहत भी दी। नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी और गले मिलकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।

इस मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल शहर के संवेदनशील इलाकों में तैनात था और चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही थी। प्रमुख चौक फव्वारा स्थित जामा मस्जिद में भी बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। शहर में रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया था, ताकि यातायात सुचारू रूप से चलता रहे। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी और ईदगाह के पास वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई थी।

हालांकि शुरुआती हंगामे के बाद नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हो गई, लेकिन इस घटना ने शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और त्योहारों को शांति और भाईचारे के साथ मनाएं।

Share this content:

About The Author

You may have missed