सहारनपुर में कांवड़ियों के भेष में आए चोर, डेरी से दही के दो डिब्बे चोरी; घटना सीसीटीवी में कैद
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नगर कोतवाली इलाके में दो शातिर चोर कांवड़ियों की ड्रेस पहनकर और बाइक पर भगवा झंडा लगाकर एक डेरी के बाहर से दही के दो डिब्बे चोरी कर ले गए। चोरी की पूरी घटना डेरी के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। डेरी संचालक ने पुलिस को शिकायत दी है और सीसीटीवी फुटेज भी सौंप दी है, जिसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
यह घटना रविवार सुबह नवाबगंज स्थित नरूला डेरी की है। सुबह करीब पांच से छह बजे के बीच, दही की एक कंपनी की गाड़ी ने चार डिब्बे दही डेरी के बाहर रखे और चली गई। थोड़ी देर बाद बाइक पर दो युवक आए, जिन्होंने कांवड़ियों का भेष धारण किया था और बाइक पर भगवा झंडा लगा था। दोनों ने आसपास देखा और एक युवक ने दही के दो डिब्बे उठाकर बाइक स्टार्ट की, फिर दोनों फरार हो गए।
डेरी संचालक ने जब कंपनी से संपर्क किया तो पता चला कि कंपनी ने चार डिब्बे भेजे थे, जबकि डेरी पर केवल दो ही मिले। इसके बाद उन्होंने पास की दुकान के सीसीटीवी फुटेज चेक किए, जिसमें चोरी की पूरी वारदात स्पष्ट दिखाई दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और फुटेज सौंपे गए। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर पकड़ने के लिए जांच शुरू कर दी है।
यह घटना स्थानीय लोगों में नाराज़गी भी पैदा कर रही है, क्योंकि चोरों ने कांवड़ियों के भेष का इस्तेमाल कर चोरी की साजिश रची, जिससे सामाजिक भावनाएं भी आहत हुई हैं। पुलिस हर सम्भावित पहलू से मामले की जांच कर रही है।
Share this content:
