April 24, 2026

रूस से पाकिस्तान ने दी भारत को परमाणु हमले की धमकी, सिंधु जल संधि सस्पेंड करने पर भड़का इस्लामाबाद

पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान की बौखलाहट बढ़ती जा रही है और अब उसने रूस से भारत को खुली परमाणु धमकी दी है। यह धमकी पाकिस्तान के किसी नेता या रिटायर्ड अधिकारी की ओर से नहीं बल्कि एक शीर्ष राजनयिक द्वारा दी गई है, जो हाल के वर्षों में पहली बार हुआ है। मॉस्को में पाकिस्तान के राजदूत मुहम्मद खालिद जमाली ने शनिवार को रूसी ब्रॉडकास्टर आरटी को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि अगर भारत ने पाकिस्तान पर हमला किया या फिर सिंधु जल संधि को सस्पेंड कर उसकी जल आपूर्ति बाधित की, तो इस्लामाबाद अपने पूरे सैन्य शस्त्रागार का इस्तेमाल कर सकता है, जिसमें परमाणु हथियार भी शामिल हैं।

इस इंटरव्यू में जमाली ने यह दावा भी किया कि पाकिस्तान को विश्वसनीय खुफिया जानकारी मिली है जिससे पता चलता है कि भारत उसकी सीमाओं में घुसकर सैन्य कार्रवाई की योजना बना रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दस्तावेज लीक हुए हैं जिनमें पाकिस्तान के कुछ खास क्षेत्रों पर भारतीय हमले की योजना का जिक्र है। राजदूत ने कहा कि यह पूरी तरह तय है कि हमला होने वाला है और पाकिस्तान इसके लिए तैयार है।

पाकिस्तान की यह धमकी ऐसे समय में आई है जब भारत सरकार सिंधु जल संधि की समीक्षा कर रही है और पहलगाम हमले के लिए पाकिस्तान को वैश्विक स्तर पर घेरने की रणनीति पर काम कर रही है। पाकिस्तान का डर इस बात से भी बढ़ा है कि अगर भारत ने सिंधु नदी की जल आपूर्ति को बाधित किया तो उसके बड़े हिस्से सूखे की चपेट में आ सकते हैं। ऐसे में पाकिस्तान के पास रणनीतिक रूप से भारत को डराने के लिए परमाणु हथियारों की धमकी देने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं दिख रहा।

भारत की ओर से अभी तक इस धमकी पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन जानकार मानते हैं कि पाकिस्तान की यह बयानबाजी उसकी घबराहट और अंदरूनी दबाव को दिखाती है। भारत ने पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान को आतंकवाद के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज कर दी है। अब कूटनीतिक स्तर पर भी पाकिस्तान की छटपटाहट खुलकर सामने आने लगी है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!