भारत का डिजिटल एक्शन: इमरान खान और बिलावल भुट्टो के X अकाउंट्स पर रोक
भारत ने पाकिस्तान के दो प्रमुख नेताओं—पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी—के एक्स (X) अकाउंट्स पर भारत में प्रतिबंध लगा दिया है। यह कार्रवाई ऐसे समय पर हुई है जब इन नेताओं के सोशल मीडिया बयानों को भारत के खिलाफ भड़काऊ माना गया। इससे पहले भी भारत ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का X अकाउंट बैन किया था, जिन्होंने भारत के खिलाफ कई भड़काऊ टिप्पणियां की थीं, जिनमें परमाणु हमले की धमकी भी शामिल थी।
बिलावल भुट्टो जरदारी ने भी भारत के खिलाफ विवादित बयान दिए थे। एक जनसभा के दौरान उन्होंने कहा था कि अगर भारत ने पाकिस्तान का पानी रोका, तो नदियों में खून बहेगा। उन्होंने सिंधु नदी को पाकिस्तान की धरोहर बताते हुए कहा था कि यह हमारी है और हमारी ही रहेगी। भुट्टो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह सिंध और सिंधु घाटी सभ्यता के ऐतिहासिक रिश्ते को नहीं तोड़ सकते।
भारत द्वारा यह कार्रवाई केवल X तक सीमित नहीं है। इससे पहले भारत ने पाकिस्तान के कई बड़े यूट्यूब चैनलों पर भी प्रतिबंध लगाया था। इनमें डॉन न्यूज, एआरवाई न्यूज, बोल न्यूज, रफ्तार, जियो न्यूज, समा स्पोर्ट्स, शोएब अख्तर का चैनल, अमर चीमा एक्सक्लूसिव और अस्मा शिराजी जैसे नाम शामिल हैं। इन चैनलों के भारत में करोड़ों दर्शक थे, लेकिन अब इनकी पहुंच पर रोक लगा दी गई है।
इसके साथ ही भारत में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के प्रसारण पर भी रोक लगा दी गई है। इस लीग का डिजिटल प्रसारण अधिकार FANCODE ऐप के पास था, जिसने 24 अप्रैल से भारत में PSL दिखाना बंद कर दिया है। सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क ने भी PSL का प्रसारण भारत में रोक दिया है। भारत की यह डिजिटल नीति अब साफ संकेत देती है कि जो भी मंच भारत विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देगा, उसके खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
Share this content:
