रूड़की में साइकिल टकराने पर भड़के मुतवल्ली साहब, मासूम बच्ची को मारा थप्पड़, तीन गिरफ्तार
उत्तराखंड के रूड़की में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली साइकिल टक्कर पर मुतवल्ली साहब मोहम्मद इकराम ने एक मासूम बच्ची को थप्पड़ जड़ दिए। यह घटना तेलीवाला इलाके की है। बताया जा रहा है कि बच्ची साइकिल से अपने घर लौट रही थी, तभी गलती से उसकी साइकिल मोहम्मद इकराम से टकरा गई। गुस्से में आकर उन्होंने बच्ची के गाल पर थप्पड़ मार दिए।
घर पहुंचने के बाद बच्ची के परिजनों ने उसके चेहरे पर निशान देखे तो वजह पूछी। बच्ची ने पूरी बात बताई, जिसके बाद परिवार ने इलाके का सीसीटीवी फुटेज चेक किया। फुटेज में साफ नजर आया कि मुतवल्ली साहब बच्ची को थप्पड़ मार रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही इलाके में हंगामा मच गया।
घटना के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई। इस झगड़े की तस्वीरें भी पास के कैमरों में कैद हो गईं। देखते ही देखते पूरा इलाका अफरातफरी में बदल गया। पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
गंगनहर कोतवाली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुतवल्ली साहब मोहम्मद इकराम समेत तीन लोगों — मोहम्मद आरिफ और शरियत — को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों पर शांति व्यवस्था भंग करने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में आक्रोश है और बच्ची के साथ हुई घटना को लेकर प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
Share this content:
