May 1, 2026

छत्तीसगढ़: नाबालिग रईसजादे की रैश ड्राइविंग से बड़ा हादसा, डिफेंडर कार ने कुचले कई लोग; एक की मौत, सात घायल

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में रविवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। यहां एक नाबालिग रईसजादे ने करोड़ों की लग्जरी डिफेंडर कार से रैश ड्राइविंग करते हुए कई लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

यह घटना रात करीब साढ़े आठ बजे बेमेतरा शहर में हुई। बताया जा रहा है कि आरोपी बंटी सलूजा का नाबालिग बेटा अपने पिता की डिफेंडर कार लेकर सड़कों पर तेज रफ्तार से दौड़ा रहा था। शहर की सड़कों पर भीड़ के बीच अचानक उसने नियंत्रण खो दिया और पहले एक पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।

आरोपी यहीं नहीं रुका। उसने आगे बढ़कर कई और वाहनों को भी टक्कर मार दी, जिससे और लोग जख्मी हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस पर आरोपी को बचाने का आरोप लगाया और गुस्से में हजारों की भीड़ ने आरोपी के पिता बंटी सलूजा के घर का घेराव कर लिया।

पुलिस ने रात करीब एक बजे बंटी सलूजा को हिरासत में ले लिया है, लेकिन नाबालिग आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस टीम उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

लोगों का कहना है कि प्रदेश में इस तरह के रईसजादों की रैश ड्राइविंग की घटनाएं आम हो चुकी हैं। रसूखदार परिवारों से जुड़े आरोपियों पर अक्सर सख्त कार्रवाई नहीं होती, जिससे आम जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। हाल ही में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सड़क हादसे रोकने के लिए पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर से सिस्टम की लापरवाही उजागर कर दी है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!