राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत मुंबई में एक भव्य दो दिवसीय आयोजन किया गया। ‘संघ यात्रा: नए क्षितिज’ नाम से हुए इस कार्यक्रम में संघ प्रमुख मोहन भागवत की मौजूदगी के साथ-साथ बॉलीवुड की कई नामचीन हस्तियों ने भी शिरकत की। 7 फरवरी से शुरू हुए इस आयोजन में संघ के सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक पक्षों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के पहले दिन बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान, अक्षय कुमार, रणबीर कपूर, शिल्पा शेट्टी, रवीना टंडन समेत कई सेलेब्स ऑडिटोरियम में मौजूद रहे। इस दौरान मोहन भागवत ने अपने संबोधन में समाज, संस्कृति और प्रभावशाली व्यक्तित्वों की भूमिका पर बात की। इसी क्रम में उन्होंने सलमान खान का जिक्र करते हुए फैशन और युवाओं पर उसके असर को लेकर एक रोचक टिप्पणी की, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
संघ प्रमुख ने अपने भाषण में कहा कि सलमान खान जो कपड़े पहनते हैं, वही कॉलेज के छात्र भी पहनने लगते हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि लोग ऐसा क्यों करते हैं और खुद ही जवाब देते हुए कहा कि क्योंकि कोई प्रसिद्ध व्यक्ति उसे पहनता है। मोहन भागवत ने फैशन को समाज में चलन तय करने वाला एक माध्यम बताया और कहा कि कुछ लोग अनजाने में ही दूसरों के लिए मानक बन जाते हैं।
मोहन भागवत की इस टिप्पणी पर सलमान खान का रिएक्शन भी चर्चा में रहा। वीडियो में देखा गया कि अपना नाम सुनते ही सलमान खान मुस्कुराते नजर आए। संघ प्रमुख ने आगे कहा कि समाज में अच्छी या बुरी कई बातें फैशन के जरिए ही आगे बढ़ती हैं और फैशन को दिशा देने वाले लोग अक्सर विश्वास पात्र और प्रभावशाली होते हैं, जिनका समाज पर गहरा असर पड़ता है।
इस कार्यक्रम में सलमान खान के अलावा करण जौहर, हेमा मालिनी, बोनी कपूर, अनन्या पांडे, अदनान सामी, मधुर भंडारकर, नितेश तिवारी, जैकी श्रॉफ, विकी कौशल, रुपाली गांगुली सहित फिल्म और टीवी जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने हिस्सा लिया। RSS के इस शताब्दी समारोह में विचार और संस्कृति के साथ सिनेमा जगत की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया।
Share this content: