आरोपी गिरफ्तार, स्कूल बिना मान्यता के चल रहा था; पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल के प्रबंधक ने 9 साल की छात्रा को रविवार को छुट्टी के दिन स्कूल बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने बच्ची को स्कूल का जरूरी काम बताकर बुलाया था और मौका पाते ही यह घिनौना अपराध कर डाला। घटना के बाद बच्ची डरी-सहमी हालत में रोते-बिलखते घर पहुंची और परिजनों को सारी आपबीती सुनाई।
परिजनों ने बताया कि स्कूल मैनेजर ने न सिर्फ बच्ची के साथ रेप किया, बल्कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी। उसने कहा कि अगर बच्ची ने किसी को यह बात बताई तो उसे जान से मार देगा। डर के मारे बच्ची चुप रही, लेकिन घर पहुंचकर उसने सिसक-सिसक कर पूरी घटना बयां कर दी। परिजनों ने तुरंत श्रीरामपुर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता की मौसी की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया और आरोपी स्कूल प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी का स्कूल पूरी तरह अवैध था और बिना किसी मान्यता के चल रहा था। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी ने अलग से शिकायत दर्ज कराई, जिस पर स्कूल के खिलाफ भी FIR हुई है। अवैध स्कूलों की बाढ़ और उनमें बच्चों की सुरक्षा पर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुनील कुमार सिंह ने बताया, “थाना श्रीरामपुर क्षेत्र में एक स्कूल प्रबंधक द्वारा नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म की शिकायत मिली थी। पीड़िता की मौसी की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची का मेडिकल कराया जा रहा है। घटनास्थल का फॉरेंसिक टीम ने मुआयना किया है और सभी जरूरी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”
यह घटना एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और अवैध स्कूलों पर सख्त निगरानी की मांग को बल दे रही है। परिजन और स्थानीय लोग आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में तेजी से चार्जशीट दाखिल की जाएगी ताकि दोषी को जल्द सजा मिल सके।
Share this content:
