ऋषभ पंत को पड़ी फटकार, इंग्लैंड के खिलाफ शतक लगाने के बावजूद की बड़ी गलती
लीड्स टेस्ट में ऋषभ पंत ने दोनों पारियों में शानदार शतक जमाकर इतिहास तो रच दिया, लेकिन इसी ऐतिहासिक प्रदर्शन के बीच उनसे एक ऐसी गलती हो गई, जिसके चलते उन्हें आईसीसी की ओर से डांट-फटकार झेलनी पड़ी। पंत पर ICC के कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन का आरोप लगा, जिसमें उन्हें लेवल 1 का दोषी माना गया।
यह घटना टेस्ट मैच के तीसरे दिन इंग्लैंड की पहली पारी के दौरान घटी। 61वें ओवर में जब अंपायर ने गेंद की शेप जांचने के बाद उसे बदलने से इनकार कर दिया, तो पंत ने अंपायर के सामने गेंद को जमीन पर पटककर अपना विरोध जाहिर किया। यह व्यवहार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अनुशासनात्मक मानदंडों के खिलाफ माना गया और इसी वजह से उन्हें आर्टिकल 2.8 के तहत दोषी ठहराया गया।
आईसीसी की प्रेस रिलीज के अनुसार, पंत ने अपनी गलती को मैच रेफरी रिची रिचर्डसन के सामने स्वीकार भी कर लिया, जिससे उन्हें सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ दिया गया और उनके खाते में 1 डिमेरिट प्वाइंट जोड़ा गया। इस मामले की शिकायत ऑन-फील्ड अंपायर्स पॉल राइफल और क्रिस जाफ, थर्ड अंपायर शर्फुद्दौला, और फोर्थ अंपायर माइक बर्न्स ने की थी।
हालांकि पंत की पारी शानदार रही और उन्होंने टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, लेकिन इस एक लापरवाही ने उनके शानदार प्रदर्शन पर एक हल्का सा दाग जरूर छोड़ दिया।
Share this content:
