साउथ सिनेमा के चर्चित सितारे Vijay Deverakonda और Rashmika Mandanna इन दिनों अपनी शादी और सामाजिक पहल को लेकर सुर्खियों में हैं। शादी के बाद दोनों तेलंगाना के नागरकुर्नूल जिले के बलमूर मंडल स्थित विजय के पैतृक गांव तुम्मनपेट पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों के बीच एक बड़ी घोषणा की। विजय ने ऐलान किया कि उनके चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से अचमपेट डिवीजन के 44 सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 9वीं और 10वीं कक्षा के छात्रों को स्कॉलरशिप दी जाएगी।
शादी के बाद गांव पहुंचकर दोनों ने अपने घर पर सत्यनारायण पूजा का आयोजन किया और स्थानीय लोगों के लिए भव्य दावत भी रखी। गांव के लोगों ने नवदंपति को आशीर्वाद दिया, वहीं विजय और रश्मिका ने भी सभी का आभार जताया। इस दौरान विजय ने कहा कि उन्हें अपने गांव में शादी का जश्न मनाकर बेहद खुशी हो रही है और वे भविष्य में भी गांव के विकास के लिए कई सकारात्मक कदम उठाएंगे।
विजय देवरकोंडा ने साफ कहा कि उनके गांव में उनका अपना घर और खेत है, इसलिए वे यहां नियमित रूप से आते रहेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि “विजय देवरकोंडा चैरिटेबल ट्रस्ट” के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में यह पहल शुरू की जा रही है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को पढ़ाई में मदद मिल सके। उनकी इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर उनकी दरियादिली और सामाजिक जिम्मेदारी की जमकर सराहना हो रही है।
गौरतलब है कि विजय और रश्मिका ने हाल ही में उदयपुर में निजी समारोह में शादी की थी, जिसमें परिवार और करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे। अब 4 मार्च को वे वेडिंग रिसेप्शन आयोजित करने जा रहे हैं, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े नामों के शामिल होने की संभावना है। हालांकि शादी की भव्यता से ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि दोनों ने अपने खास दिन को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए शिक्षा के क्षेत्र में अहम पहल की है।
Share this content: