Exclusive: “जब भी बात करता हूं मेरी आंखें भर आती हैं…” – स्टंटमैन एसएम राजू की मौत पर भावुक हुए विकी कौशल के पिता शाम कौशल
साउथ इंडस्ट्री की एक फिल्म की शूटिंग के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे फिल्म जगत को हिलाकर रख दिया है। इस हादसे में जाने-माने स्टंटमैन एसएम राजू की जान चली गई, जो न सिर्फ एक प्रतिभाशाली कलाकार थे, बल्कि उन हजारों स्टंट आर्टिस्ट्स की उम्मीद भी थे, जो पर्दे के पीछे जान जोखिम में डालकर सीन को यादगार बनाते हैं। इस घटना से हर कोई गहरे सदमे में है, और इसी सदमे को ज़ुबान दी है दिग्गज स्टंट डायरेक्टर और विकी कौशल के पिता, शाम कौशल ने।
करीब 50 वर्षों से बॉलीवुड में स्टंट का पर्याय बन चुके शाम कौशल ने इस हादसे पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा, “मैं राजू से कभी मिला नहीं, लेकिन जब भी उसके बारे में सोचता हूं, मेरी आंखें भर आती हैं। इतना दर्दनाक हादसा है कि दिमाग कुछ सोच ही नहीं पा रहा। स्टंटमैन भी आखिर इंसान होता है, कोई मशीन नहीं। इस वक्त मैं किसी टेक्निकल बात पर ध्यान नहीं दे पा रहा, बस उसके परिवार के बारे में सोच रहा हूं।”
शाम कौशल ने इस हादसे को लेकर सुरक्षा और रिस्क के सवाल पर भी बड़ी ईमानदारी से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी जानबूझकर जोखिम नहीं लेता, लेकिन स्टंट की दुनिया ऐसी है कि जहां मैन और मशीन दोनों होते हैं, वहां कुछ भी हो सकता है। “जैसे कोई प्लेन में चढ़ते हुए नहीं सोचता कि वो क्रैश हो जाएगा, वैसे ही कोई स्टंट करते वक्त हादसे की कल्पना नहीं करता। हर किसी के जीवन में रिस्क है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि जीना छोड़ दें। पर जो भी हुआ, वह बहुत ही दुखद है,” उन्होंने कहा।
बात केवल कार या जानवरों से जुड़े स्टंट्स की नहीं है। शाम कौशल ने बताया कि इंडस्ट्री में आज सुरक्षा का स्तर काफी ऊंचा हो चुका है। फिल्म सेट्स पर सेफ्टी के कई स्तर होते हैं, खासकर जब बड़े स्टंट्स की शूटिंग होती है। “इंडिया में कई जगहों पर शूटिंग होती है और आज के समय में ऐसे बड़े हादसे बहुत कम देखने को मिलते हैं। इंटरनेशनल स्टैंडर्ड की सेफ्टी अब हमारी इंडस्ट्री में भी अपनाई जाती है,” उन्होंने कहा।
एसएम राजू की मौत न सिर्फ एक व्यक्तिगत क्षति है, बल्कि पूरे फिल्म जगत को यह सोचने पर मजबूर कर रही है कि कैमरे के पीछे जो लोग जान हथेली पर रखकर एक्शन को असली बनाते हैं, उनकी सुरक्षा और सराहना को लेकर अभी भी कितनी जागरूकता ज़रूरी है। शाम कौशल की भावुक प्रतिक्रिया ने इस दर्द को और गहराई से महसूस कराया, और ये याद दिलाया कि हर ‘कट’ के पीछे भी एक जिंदगी होती है।
Share this content:
