देश की राजधानी दिल्ली सोमवार शाम हुए भीषण ब्लास्ट से दहल उठी, जिसमें अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है और 24 से अधिक घायल हैं। इस धमाके ने पूरे देश में सनसनी मचा दी है। घटना के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। जम्मू-कश्मीर से लेकर उत्तर प्रदेश तक छापेमारी की जा रही है, और अब तक कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। वहीं, इस गंभीर मामले में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सख्त बयान जारी करते हुए कहा है कि “ब्लास्ट करने वालों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा, हर दोषी को सज़ा मिलेगी।”
राजनाथ सिंह ने ट्वीट और मीडिया के जरिए कहा, “मैं दिल्ली में हुई दुखद घटना में मारे गए सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि शोक संतप्त परिवारों को शक्ति मिले। देश की जांच एजेंसियां इस मामले की तेज़ और गहन जांच कर रही हैं। मैं देशवासियों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि इस त्रासदी के जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा और उन्हें किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि “जांच बाद में होगी, लेकिन अभी से मैं स्पष्ट कर रहा हूं कि किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा।”
ब्लास्ट के बाद पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच में जिस कार का इस्तेमाल किया गया था, उसके मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि उस कार में सवार एक व्यक्ति डॉ. उमर के परिवार से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। उमर के भाई और मां को हिरासत में लिया गया है और डीएनए सैंपल लेकर शव की पहचान की जा रही है। परिवार की पूछताछ में कई अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है।
दिल्ली पुलिस ने इस विस्फोट को लेकर UAPA (गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम) के तहत मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही आत्मघाती हमले के एंगल से भी जांच चल रही है। जांच एजेंसियां ब्लास्ट में विदेशी फंडिंग और आतंकी नेटवर्क की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं। एनआईए और आईबी की टीमों को भी जांच में शामिल किया गया है ताकि किसी भी तरह की चूक न हो।
घटना के बाद सुरक्षा कारणों से लाल किला परिसर को 13 नवंबर तक आम जनता के लिए बंद कर दिया गया है। आसपास के मेट्रो स्टेशनों के दो गेट बंद कर दिए गए हैं और इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। एनएसजी कमांडो और डॉग स्क्वॉड लगातार जांच कर रहे हैं। सरकार ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
दिल्ली ब्लास्ट ने एक बार फिर देश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि सरकार और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं और रक्षा मंत्री के बयान ने साफ कर दिया है कि इस जघन्य अपराध के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई बेहद कठोर और निर्णायक होगी।
Share this content:
