दिल्ली की ऐतिहासिक गलियों में रविवार शाम अफरा-तफरी मच गई जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज इतनी भयानक थी कि आस-पास के इलाकों में लोग दहशत में आ गए। कुछ ही सेकंडों में कार आग के गोले में तब्दील हो गई और आसपास खड़ी कई गाड़ियां भी लपटों की चपेट में आ गईं। इस हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कई गंभीर रूप से घायल हैं। घटनास्थल पर चारों ओर धुआं, जली हुई गाड़ियों के ढांचे और खौफ का माहौल नजर आया।
चश्मदीदों के मुताबिक, धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के घर हिल गए और सड़कों के किनारे की दुकानों के शीशे टूट गए। कुछ लोगों को लगा कि कोई भूकंप आ गया है। जब लोग बाहर निकले तो वहां सिर्फ आग, धुआं और चीख-पुकार सुनाई दे रही थी। कई गाड़ियों में आग लग चुकी थी और कुछ यात्रियों के शरीर के अंग सड़क पर बिखरे पड़े थे। एक चश्मदीद ने बताया, “धमाका इतना भयंकर था कि दो सेकंड में सब कुछ खत्म हो गया। हम कुछ समझ पाते, उससे पहले ही चारों तरफ आग फैल गई।”
दिल्ली फायर सर्विस के प्रमुख ने बताया कि हादसे में छह कारें, दो बैटरी रिक्शा और एक ऑटो पूरी तरह जल गए। जैसे ही सूचना मिली, दमकल की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीमें भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि कार में विस्फोटक सामग्री रखी गई थी।
ब्लास्ट के बाद से आसपास के इलाकों में हड़कंप मचा हुआ है। लाल किला और उसके आसपास के मेट्रो स्टेशन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। राहत और बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा, घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस भयावह घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें दिख रहा है कि सड़क पर जली हुई कारों के अवशेष और हवा में उठता धुएं का गुबार पूरे इलाके को ढक चुका था। लोग अब भी उस मंजर को याद कर सिहर उठते हैं। दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है और किसी भी संदिग्ध को बख्शा नहीं जाएगा। यह ब्लास्ट न केवल दिल्ली बल्कि पूरे देश के लिए एक बड़ा सुरक्षा अलर्ट बन गया है।
Share this content:
