April 30, 2026

राजा रघुवंशी मर्डर केस: भाई विपिन का आरोप—सोनम का पूरा परिवार शामिल, CBI जांच की मांग तेज

राजा रघुवंशी हत्याकांड में अब नया मोड़ आ गया है। राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने हाल ही में लीक हुई एक कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि इस पूरी साजिश में सोनम रघुवंशी ही नहीं, बल्कि उसका पूरा परिवार शामिल है। उन्होंने स्पष्ट रूप से मांग की है कि अब इस केस की जांच सीबीआई से करवाई जानी चाहिए, ताकि असली साजिशकर्ताओं का पर्दाफाश हो सके।

विपिन ने आरोप लगाया कि मेघालय पुलिस की जांच में लापरवाही रही, तभी हत्या के एक अहम आरोपी सिलोम जेम्स को इतनी जल्दी जमानत मिल गई। उन्होंने यह भी कहा कि सोनम के परिवार द्वारा दावा किया जा रहा था कि उनकी बेटी से कोई संपर्क नहीं है, लेकिन कॉल रिकॉर्डिंग से साफ हो गया है कि सोनम ने जेल से कई बार अपने परिजनों से बात की है।

विपिन ने आगे कहा, “मुझे लगता है कि सोनम और उसका भाई गोविंद पिछले चार हफ्तों से संपर्क में थे। अब वकीलों के जरिए सोनम की जमानत कराने की तैयारी की जा रही है। पहले सोनम ने मेरे भाई राजा को धोखा दिया, अब उनका पूरा परिवार हम सबको धोखा दे रहा है।”

गौरतलब है कि 23 मई को राजा रघुवंशी की गुवाहाटी-शिलॉन्ग हनीमून ट्रिप के दौरान हत्या कर दी गई थी। 2 जून को उसकी लाश खाई में मिली थी, जबकि उसकी पत्नी सोनम ने कुछ दिन बाद यूपी के गाजीपुर में सरेंडर किया। आरोप है कि सोनम ने अपने प्रेमी राज और तीन अन्य दोस्तों के साथ मिलकर राजा की हत्या की योजना बनाई थी।

इस बीच शिलॉन्ग कोर्ट से आरोपी सिलोम जेम्स को जमानत मिल चुकी है, जबकि फ्लैट मालिक लोकेंद्र सिंह तोमर और गार्ड बलबीर अहिरवार भी जमानत पर हैं। इन आरोपियों पर हत्या के बाद सोनम को छिपाने, संपत्ति की हेराफेरी और साजिश में सहयोग देने के गंभीर आरोप हैं। अब सवाल उठ रहा है कि क्या इन सबके पीछे एक गहरी और संगठित साजिश थी, जिसकी परतें सीबीआई जांच से ही खुल सकती हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!