April 25, 2026

रायबरेली: रेलवे स्टेशन परिसर में गिरी पुरानी दीवार, एक श्रमिक की मौत, आठ घायल

रायबरेली रेलवे स्टेशन परिसर में बुधवार दोपहर उस समय बड़ा हादसा हो गया जब निर्माण कार्य के दौरान खड़ी पुरानी चहारदीवारी अचानक भरभराकर गिर पड़ी। इस घटना में मलबे के नीचे दबकर एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि आठ श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल और रेलवे अस्पताल ले जाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रेलवे स्टेशन परिसर में नई दीवार निर्माण के लिए जेसीबी से खुदाई की जा रही थी। उसी दौरान बगल में खड़ी लगभग 50 मीटर लंबी पुरानी दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे के समय नौ श्रमिक मौके पर काम कर रहे थे, जो अचानक मलबे के नीचे दब गए। घटना इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना में गंभीर रूप से घायल महराजगंज के उदायपुर निवासी राम सुमेर को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके साथ घायल हुए अनूप को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। वहीं, उमरखापुर निवासी विकास, रमेश और नीरज को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। इसके अलावा हरचंदपुर के मुबारकपुर निवासी मनीष, रामसेर, अड़ोरा के मोहम्मद शरीफ और महराजगंज के भरसरा निवासी अखिलेश का इलाज रेलवे अस्पताल में चल रहा है। घायलों में एक की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। उनका आरोप है कि यदि निर्माण कार्य सावधानी और नियमानुसार किया गया होता, तो यह हादसा टल सकता था। वहीं, रेलवे अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मोहम्मद आजम ने बताया कि सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है और हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

इस बीच पुलिस प्रशासन ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिवार को घटना की सूचना दी गई है। कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद से रेलवे स्टेशन परिसर में काम कर रहे अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और वे निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!