April 30, 2026

पंजाब में इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर की संदिग्ध मौत, आतंकी अर्श डल्ला से मिली थी धमकी

पंजाब के बठिंडा जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई जब आदेश मेडिकल यूनिवर्सिटी की पार्किंग में खड़ी एक कार से इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर कंचन उर्फ कमल का शव बरामद किया गया। कंचन, जो लुधियाना के लक्ष्मण नगर की रहने वाली थीं, सोशल मीडिया पर काफी चर्चित थीं और विवादित अश्लील कंटेंट के चलते पहले भी सुर्खियों में रही थीं।

पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि कार उसी के नाम पर रजिस्टर्ड थी और यह गाड़ी दो दिन से वहीं खड़ी थी। शव से बदबू आ रही थी, जिससे अंदेशा है कि मौत पहले हो चुकी थी। पुलिस का मानना है कि हत्या कहीं और की गई और शव को यूनिवर्सिटी की पार्किंग में लाकर छोड़ा गया।

इस मामले को और गंभीर बनाता है वो पुराना मामला, जिसमें कंचन को 7 महीने पहले आतंकी अर्श डल्ला से धमकी मिली थी। एक वायरल ऑडियो में अर्श डल्ला ने कमल को सोशल मीडिया पर गंदगी फैलाने का आरोप लगाते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस सभी एंगल से जांच में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और कंचन के सोशल मीडिया अकाउंट्स भी खंगाले जा रहे हैं, जिससे हत्या की वजह और हत्यारे का सुराग मिल सके।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!