May 3, 2026

पुणे मेट्रो का दूसरा फेज मंजूर: वनाज से चांदनी चौक और रामवाड़ी से विट्ठलवाड़ी तक दौड़ेगी मेट्रो, 13 नए स्टेशन बनेंगे

पुणे के मेट्रो नेटवर्क को और अधिक ताकत मिलने जा रही है, क्योंकि पुणे मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के दूसरे फेज को अब आधिकारिक मंजूरी मिल चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस फेज को हरी झंडी दी गई, जिसके तहत 12.75 किलोमीटर लंबा दो कॉरिडोर वाला नेटवर्क तैयार किया जाएगा।

इस प्रोजेक्ट पर 3626.24 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसकी लागत भारत सरकार, महाराष्ट्र सरकार और बाह्य वित्तीय एजेंसियों के बीच साझा की जाएगी।

दो कॉरिडोर, 13 स्टेशन – जानिए कहां-कहां रुकेगी मेट्रो

पुणे मेट्रो के इस दूसरे चरण में दो एलिवेटेड कॉरिडोर शामिल हैं:

1. वनाज से चांदनी चौक कॉरिडोर:

कोथरूड बस डिपो

चांदनी चौक

2. रामवाड़ी से विट्ठलवाड़ी (वाघोली) कॉरिडोर:

विमान नगर

सोमनाथ नगर

खराड़ी बाइपास

तुलजा भवानी नगर

उबाले नगर

अप्पर खराड़ी रोड

वाघेश्वर मंदिर

वाघोली

सिद्धार्थ नगर

बकोरी फाटा

विट्ठलवाड़ी

ये दोनों कॉरिडोर, मौजूदा वनाज-रामवाड़ी लाइन का विस्तार होंगे और बावधन, कोथरुड, खराड़ी, वाघोली जैसे तेजी से बढ़ते हुए उपनगरों को मेट्रो से जोड़ेंगे।

चार साल में पूरा होगा प्रोजेक्ट

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को अगले चार वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। प्रोजेक्ट के पूरा होने से पुणे के आईटी हब, शैक्षणिक संस्थान, व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों में मेट्रो की पहुंच और सुगम हो जाएगी।

इंटरसिटी कनेक्टिविटी भी होगी बेहतर

मंत्रालय के अनुसार, चांदनी चौक को मुंबई और बेंगलुरु से आने वाली इंटरसिटी बसों से जोड़ा जाएगा, जबकि वाघोली को अहिल्या नगर और छत्रपति संभाजी नगर जैसी जगहों से आने वाली बस सेवाओं से कनेक्ट किया जाएगा। इससे यात्री आसानी से मेट्रो नेटवर्क से जुड़ सकेंगे।

भविष्य की यात्री क्षमता

लाइन-2 पर यात्रियों की अनुमानित संख्या:

2027: 0.96 लाख यात्री प्रतिदिन

2037: 2.01 लाख

2047: 2.87 लाख

2057: 3.49 लाख

शहर में निर्बाध यात्रा का वादा

प्रस्तावित कॉरिडोर जिला न्यायालय इंटरचेंज स्टेशन से होकर गुजरेगा, जिससे यह लाइन-1 (निगडी-कात्रज) और लाइन-3 (हिंजेवाड़ी-जिला न्यायालय) से जुड़ जाएगा। इस नेटवर्क के बन जाने से पुणे में तीन प्रमुख मेट्रो लाइनों का इंटरकनेक्शन संभव होगा, जिससे यात्री बिना बाधा के पूरे शहर में सफर कर सकेंगे।

पुणे मेट्रो का यह विस्तार आने वाले वर्षों में शहर की ट्रैफिक समस्या को कम करने, समय की बचत और पर्यावरणीय दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!