प्रियंका चोपड़ा की पाकिस्तानी फिल्म मेकर संग तस्वीरों ने मचाया बवाल, दिलजीत दोसांझ के बाद सोशल मीडिया पर छिड़ी नई बहस
दिलजीत दोसांझ के बाद अब प्रियंका चोपड़ा भी सोशल मीडिया पर निशाने पर आ गई हैं। हाल ही में प्रियंका ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह पाकिस्तानी-कनाडाई फिल्ममेकर शर्मीन ओबैद-चिनॉय के साथ नजर आ रही हैं। इन तस्वीरों के सामने आते ही इंटरनेट पर हलचल तेज हो गई है और लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
दरअसल प्रियंका इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘हैड्स ऑफ स्टेट्स’ के प्रमोशन में जुटी हुई हैं। इसी सिलसिले में हाल ही में एक ‘बॉर्डरलैस ब्रंच’ का आयोजन किया गया था, जिसमें कई जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की। इस ब्रंच में प्रियंका चोपड़ा, शर्मीन ओबैद चिनॉय, फिल्म डायरेक्टर मीरा नायर और प्रियंका की मैनेजर अंजुला आचार्य एक साथ दिखाई दीं। प्रियंका ने इन तस्वीरों को इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए लिखा, ‘अगस्त की कंपनी में बिताई गई शानदार दोपहर’ और ‘मज़ा आया, बॉर्डरलेस ब्रंच’।
गौरतलब है कि शर्मीन ओबैद चिनॉय पाकिस्तान की पहली ऑस्कर जीतने वाली महिला फिल्ममेकर हैं और उन्हें सामाजिक मुद्दों पर बनी डॉक्यूमेंट्रीज़ के लिए जाना जाता है। लेकिन मौजूदा भारत-पाक संबंधों और दिलजीत दोसांझ की हालिया फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस को लेकर मचे विवाद के बीच प्रियंका की ये तस्वीरें एक नया मुद्दा बन गई हैं।
अब सोशल मीडिया पर यह बहस छिड़ गई है कि क्या बॉलीवुड स्टार्स को इस तरह के बॉर्डरलेस मंचों पर पाकिस्तानी कलाकारों के साथ खुलकर सामने आना चाहिए या नहीं। कुछ यूज़र्स इसे वैश्विक एकता और कला की आज़ादी बता रहे हैं, तो कई लोग इसे देश की भावना के खिलाफ मान रहे हैं।
फिलहाल प्रियंका चोपड़ा की ओर से इस विवाद पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन इन तस्वीरों ने ज़रूर नई बहस को जन्म दे दिया है।
Share this content:
