प्रेमानंद महाराज पर बयानबाज़ी के आरोपों पर बोलीं खुशबू पाटनी, कहा- मजबूरी में लेना पड़ेगा लीगल एक्शन

बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी की बड़ी बहन खुशबू पाटनी ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक स्टेटमेंट जारी कर उन सभी अफवाहों को खारिज कर दिया है, जिनमें उन पर यह आरोप लगाया जा रहा था कि उन्होंने आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद जी महाराज के खिलाफ कोई टिप्पणी की है। खुशबू ने स्पष्ट किया है कि उनके बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है और उनकी बातों को तोड़-मरोड़कर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है।

खुशबू पाटनी ने कहा कि उन्होंने हाल ही में अनुरुद्ध आचार्य द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान का विरोध किया था, जो कि एक अलग मामला था। लेकिन इसके बाद कुछ लोगों ने जानबूझकर यह अफवाह फैलानी शुरू कर दी कि उन्होंने प्रेमानंद जी महाराज पर भी टिप्पणी की है, जबकि सच्चाई इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा कि उनका प्रेमानंद जी महाराज से कोई मतभेद नहीं है और उन्होंने कभी उनके खिलाफ कोई बयान नहीं दिया।

अपने स्टेटमेंट में खुशबू ने यह भी कहा कि संतों और आध्यात्मिक गुरुओं के प्रति उनका हमेशा से सम्मान रहा है, लेकिन जब महिलाओं के खिलाफ बयानबाज़ी की जाएगी, तो वह चुप नहीं बैठेंगी। उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि जो लोग जानबूझकर गुमराह करने वाली खबरें और वीडियो फैला रहे हैं, वे तुरंत रुक जाएं, वरना उन्हें मजबूरी में लीगल एक्शन लेना पड़ेगा।

खुशबू ने ट्रोल्स को भी करारा जवाब देते हुए कहा कि सच कभी नहीं छुपता और झूठ ज्यादा देर नहीं टिकता। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे फर्जी कंटेंट से न सिर्फ उनकी छवि को नुकसान हो रहा है, बल्कि उनके परिवार को भी बिना वजह विवादों में घसीटा जा रहा है।

बता दें कि खुशबू पाटनी पेशे से आर्मी अफसर रही हैं और अब फिटनेस कोच और एंटरप्रेन्योर के तौर पर सक्रिय हैं। वे सोशल मीडिया पर खासा एक्टिव रहती हैं और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर राय रखती हैं, जबकि उनकी बहन दिशा पाटनी बॉलीवुड में एक सफल अभिनेत्री के रूप में जानी जाती हैं।

Share this content:

About The Author

You may have missed