पुलिस चौकी के पास देह व्यापार का अड्डा, मकान मालिक अमीन गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से सामने आए देह व्यापार के हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मकान मालिक अमीन को गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह है कि जिस घर में यह रैकेट चल रहा था, वह कर्मचारी नगर पुलिस चौकी से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है।
अमीन पर आरोप है कि उसे इस गोरखधंधे की पूरी जानकारी थी, लेकिन उसने न तो पुलिस को सूचना दी और न ही किराएदारों को हटाया। जब पुलिस जांच में उसका नाम सामने आया तो वह फरार हो गया था। आखिरकार एसओजी और इज्जतनगर थाना पुलिस ने उसे मेगा ड्रीम्स इलाके से दबोच लिया।
इस रैकेट की सरगना रवीना नाम की महिला थी, जो बाहर से लड़कियों को बुलाकर सौदे करवाती थी। पुलिस पहले ही संजय नगर स्थित संभव होटल पर छापा मारकर कई महिलाओं और पुरुषों को आपत्तिजनक हालत में गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं होटल की मालकिन ज्योति पटेल अभी भी फरार है।
अब तक इस मामले में कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। चौकी के इतने पास इस धंधे के चलने पर अब पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
Share this content:
