May 3, 2026

पीलीभीत: दहेज में 10 लाख के प्लॉट की मांग, पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट और घर से निकाला

पीलीभीत जिले के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में एक विवाहिता को दहेज में 10 लाख रुपये के प्लॉट की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने बुरी तरह पीटा और घर से निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने कई आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

मोहल्ला तुलाराम निवासी मुस्कान देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 28 मार्च 2023 को मोहल्ले के ही अमित कुमार के साथ हुई थी। विवाह के समय परिजनों ने सामर्थ्यानुसार दहेज भी दिया था। लेकिन कुछ समय बाद पति अमित समेत ससुराल के अन्य लोग – संतोष देवी, चंद्र शर्मा, मोहित कुमार, अन्नू शर्मा, दीप्ति शर्मा उर्फ शीतल, विनय कुमार व दो अन्य – उस पर दहेज की अतिरिक्त मांगें थोपने लगे।

आरोप है कि पति शराब के नशे में आए दिन मारपीट करता था और 10 लाख रुपये की कीमत का प्लॉट दिलवाने का दबाव बनाया जाता था। मना करने पर दूसरी शादी की धमकियां दी जाती थीं। पीड़िता का कहना है कि 29 अगस्त 2024 को उसे घर से निकाल दिया गया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

थानाध्यक्ष पवन कुमार पांडेय ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर नामजद केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!