April 30, 2026

Pawan Singh Third Marriage: क्या भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने कर ली तीसरी शादी? चाचा धर्मेंद्र ने तोड़ी चुप्पी

बर्थडे वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर उड़ी अफवाहें, परिवार ने बताया पूरा सच

भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर हाल के दिनों में यह दावा किया जा रहा था कि पवन सिंह ने तीसरी शादी रचा ली है। दरअसल, उनके 40वें जन्मदिन का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह एक युवती के साथ केक काटते नजर आए। वीडियो में युवती की मांग में सिंदूर दिखने और पवन का उसका हाथ पकड़कर केक काटने से अफवाहों को और हवा मिल गई।

वीडियो सामने आते ही फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच कयास लगने लगे कि पवन सिंह ने चुपचाप तीसरी शादी कर ली है। हालांकि बाद में यह साफ हुआ कि वीडियो में दिख रही लड़की कोई और नहीं बल्कि भोजपुरी एक्ट्रेस महिमा सिंह हैं। बताया गया कि पवन सिंह और महिमा सिंह की साथ में शूटिंग चल रही थी और वहीं से वे बर्थडे सेलिब्रेशन में पहुंचे थे, जिस वजह से महिमा शूट के मेकअप में थीं। इसके बावजूद अफवाहों का दौर थमता नजर नहीं आया।

अब इस पूरे मामले पर पवन सिंह के चाचा धर्मेंद्र सिंह ने खुलकर बयान दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धर्मेंद्र ने पवन सिंह की निजी जिंदगी से जुड़े तमाम मुद्दों पर बात करते हुए तीसरी शादी की खबरों को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने साफ कहा कि पवन सिंह ने कोई तीसरी शादी नहीं की है और सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही बातें बेबुनियाद हैं।

धर्मेंद्र सिंह ने कहा, “यह बिल्कुल झूठी खबर है। पवन कोई बच्चा नहीं है कि ऐसा कुछ कर बैठे। स्टारडम में रहकर शूटिंग, डांस या किसी के साथ नजर आ जाना शादी नहीं हो जाता। यूट्यूबर्स और कुछ लोग मिर्च-मसाला लगाकर ऐसी अफवाहें फैलाते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि पवन सिंह की पहली पत्नी नीलम के निधन और दूसरी पत्नी ज्योति के साथ चल रहे तलाक मामले को लेकर पहले ही काफी बातें हो चुकी हैं, ऐसे में नई-नई अफवाहें फैलाना गलत है।

परिवार के इस बयान के बाद यह साफ हो गया है कि पवन सिंह की तीसरी शादी की खबरें पूरी तरह अफवाह हैं। फिलहाल भोजपुरी स्टार अपने काम और आने वाले प्रोजेक्ट्स पर फोकस कर रहे हैं, जबकि सोशल मीडिया पर उड़ रही चर्चाओं का उन्होंने कोई आधिकारिक जवाब नहीं दिया है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!