April 30, 2026

पटना में सरेआम मर्डर! मरीन ड्राइव पर स्कूटी सवार युवक को सिर में गोली, हमलावर फरार

पटना में अपराध का खौफनाक मंजर सामने आया है। बिहार की राजधानी में दिनदहाड़े एक युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। शुक्रवार को पटना के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव पर स्कूटी सवार युवक को अपराधियों ने सिर में गोली मार दी, जिससे मौके पर ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को पीएमसीएच ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गांधी मैदान जा रहा था युवक, पीछा कर रहे थे हमलावर

जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक की पहचान शाहनवाज के रूप में हुई है, जो पटना सिटी का निवासी था। वह स्कूटी से जेपी पथ के रास्ते गांधी मैदान की ओर जा रहा था, तभी पीछा कर रहे अपराधियों ने अचानक सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही शाहनवाज स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़ा और तड़पने लगा।

हमलावरों ने की थी पूरी प्लानिंग? पुलिस जांच में जुटी

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावर पहले से ही शाहनवाज का पीछा कर रहे थे और जैसे ही मौका मिला, उन्होंने गोली मार दी। पुलिस को शक है कि यह हत्या किसी पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकती है या फिर इसमें कोई बड़ा गैंग इन्वॉल्व हो सकता है।

इलाके में फैली दहशत, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

मर्डर के बाद पुलिस ने तुरंत इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शाहनवाज के परिवार वालों से भी पूछताछ की जाएगी, जिससे हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।

पटना में बढ़ते अपराध पर उठे सवाल

मरीन ड्राइव पर हुए इस हत्याकांड ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की वारदातों से आम जनता में डर का माहौल है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा, लेकिन बढ़ते अपराध के चलते लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

अब देखना यह होगा कि पटना पुलिस इस सनसनीखेज मर्डर केस को कितनी जल्दी सुलझा पाती है और अपराधियों तक पहुंचने में कामयाब होती है या नहीं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!