पटना में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार की राजनीति में बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कार्यरत सभी संविदाकर्मियों को स्थायी किया जाएगा, ताकि उनके साथ हो रहे शोषण को खत्म किया जा सके। तेजस्वी ने मौजूदा एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव के मूड में है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उनकी पुरानी घोषणाओं की नकल कर जनता को गुमराह कर रही है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि मौजूदा सरकार में भ्रष्टाचार, अपराध, बेरोजगारी और पलायन बढ़ा है। उन्होंने जीविका दीदियों के हित में कई बड़ी घोषणाएं कीं। तेजस्वी ने कहा कि सभी जीविका CM (कम्युनिटी मोबिलाइज़र) दीदियों को स्थायी किया जाएगा और उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाएगा। साथ ही उनका मासिक वेतन बढ़ाकर 30,000 रुपए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ घोषणा नहीं, बल्कि दीदियों की वर्षों पुरानी मांग का सम्मान है।
आरजेडी नेता ने आगे कहा कि उनकी सरकार बनते ही जीविका दीदियों के ऋण पर ब्याज माफ किया जाएगा और अगले दो वर्षों तक उन्हें ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा, हर जीविका दीदी को 2,000 रुपए का अतिरिक्त भत्ता और 5 लाख रुपए का बीमा कवर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही जीविका बहनों की आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
तेजस्वी यादव ने अपनी योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि वे BETI और MAA योजना पहले ही घोषित कर चुके हैं। BETI योजना के तहत बेटियों को जन्म से लेकर रोजगार तक हर स्तर पर सहयोग मिलेगा — जिसमें Benefit, Education, Training और Income शामिल हैं। वहीं MAA योजना के तहत मकान, अन्न और आमदनी की गारंटी दी जाएगी, ताकि हर परिवार आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सके।
महागठबंधन में मतभेदों को लेकर पूछे गए सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि “सब कुछ ठीक है, किसी तरह का विवाद नहीं है। कल आपको सभी सवालों के जवाब मिल जाएंगे।” प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव का यह ऐलान बिहार चुनाव से पहले एक बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।
Share this content:
