इंग्लैंड में पाकिस्तानी बल्लेबाज इमाम उल हक का धमाल, पिछली 5 पारियों में तीसरा शतक
पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज इमाम उल हक इन दिनों इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेल रहे हैं और लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। पाकिस्तानी टी20 टीम से बाहर चल रहे इमाम इस समय यॉर्कशायर की ओर से खेल रहे हैं, जहां उनके बल्ले से रन लगातार बरस रहे हैं। ताजा मुकाबले में उन्होंने ससेक्स के खिलाफ एक और शतक जड़ा और टीम को शानदार जीत दिलाई।
ससेक्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 284 रन बनाए थे। टीम की ओर से ओली कार्टर ने 94 रनों की पारी खेली, जबकि डैमी लैब ने 53 और जॉन सिम्पसन ने 65 रन बनाए। हालांकि, गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन के चलते ससेक्स अपनी मजबूत स्थिति का फायदा नहीं उठा सका और आखिरकार हार का सामना करना पड़ा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी यॉर्कशायर की ओर से इमाम उल हक ने शानदार पारी खेली। उन्होंने 105 गेंदों में 106 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उनके साथ जेम्स व्हार्टन ने भी 85 रन बनाए और मैथ्यू रेविस ने 39 रनों का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत यॉर्कशायर ने 4 विकेट से जीत दर्ज की।
इमाम की फॉर्म पर नजर डालें तो वह लगातार टीम के लिए रन बना रहे हैं। ससेक्स के खिलाफ लगाया गया शतक उनकी पिछली 5 पारियों में तीसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने लंकाशायर के खिलाफ 117 और नॉर्थेंट्स के खिलाफ 159 रन बनाए थे। इसके अलावा मिडिलसेक्स और वारविकशायर के खिलाफ भी उन्होंने अर्धशतक जमाए थे। उनकी इस फॉर्म से साफ है कि वह काउंटी क्रिकेट में सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक साबित हो रहे हैं।
इमाम उल हक अब तक पाकिस्तान के लिए तीनों फॉर्मेट में खेल चुके हैं। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 24 मैचों में 1568 रन बनाए हैं, जबकि वनडे में उनका रिकॉर्ड बेहद शानदार है। 75 वनडे मैचों में उन्होंने 3152 रन बनाए हैं। वहीं, टी20 इंटरनेशनल में उन्हें सिर्फ 2 मैचों का मौका मिला, जहां उन्होंने 21 रन बनाए। इंग्लैंड में उनकी मौजूदा फॉर्म देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि वह जल्द ही पाकिस्तान की टीम में वापसी कर सकते हैं।
Share this content:
