May 5, 2026

टिकट कराची का, लेकिन पहुंचा जेद्दा: बिना पासपोर्ट-वीजा के सऊदी अरब भेजा गया पाकिस्तानी नागरिक, एयरलाइन की लापरवाही पर उठे सवाल

पाकिस्तान में एयरलाइन की भारी लापरवाही का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां लाहौर से कराची जाने के लिए निकले एक यात्री को गलती से सऊदी अरब के जेद्दा भेज दिया गया। शाहजैन नामक इस यात्री के पास न तो पासपोर्ट था और न ही सऊदी अरब का वीजा। इसके बावजूद वह अंतरराष्ट्रीय उड़ान में बैठ गया और दो घंटे की यात्रा के बाद जब उसे पता चला कि विमान कराची नहीं बल्कि जेद्दा जा रहा है, तो उसके होश उड़ गए।

शाहजैन ने बताया कि लाहौर एयरपोर्ट पर दो विमान खड़े थे। उन्होंने अपने टिकट की जांच के बाद एक विमान में चढ़ाई कर ली, जो बाद में जेद्दा के लिए रवाना हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने बोर्डिंग से पहले एयर होस्टेस को टिकट भी दिखाया था, लेकिन उन्हें यह नहीं बताया गया कि वे गलत फ्लाइट में चढ़ रहे हैं। उड़ान के लगभग दो घंटे बाद जब शाहजैन ने फ्लाइट क्रू से पूछा कि कराची कब आएगा, तो वहां मौजूद स्टाफ में हड़कंप मच गया और तब जाकर उन्हें इस गंभीर चूक का अहसास हुआ।

सऊदी अरब पहुंचने के बाद शाहजैन को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उनके पास न तो यात्रा के लिए जरूरी पासपोर्ट था और न ही वीजा। ऐसी स्थिति में उन्हें इमिग्रेशन और सुरक्षा एजेंसियों से कड़ी पूछताछ झेलनी पड़ी। उन्होंने बताया कि एयरलाइन ने अपनी गलती के लिए उन्हें ही दोषी ठहराने की कोशिश की और कहा कि अब कराची वापस भेजने में दो से तीन दिन लग सकते हैं। इतना ही नहीं, उन्हें यह भी बताया गया कि इस मामले की जांच अब पाकिस्तान की संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) करेगी।

शाहजैन ने एयरलाइन को एक कानूनी नोटिस भेजा है, जिसमें उन्होंने अंतरराष्ट्रीय यात्रा में हुए अतिरिक्त खर्चों की भरपाई और मानसिक पीड़ा के लिए मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि एयरलाइन की लापरवाही ने उन्हें एक बेहद तनावपूर्ण और खतरनाक स्थिति में डाल दिया, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से एयरलाइन पर है।

इस घटना के बाद पाकिस्तान हवाई अड्डा प्राधिकरण ने मामले का संज्ञान लिया और लाहौर एयरपोर्ट प्रबंधन ने निजी एयरलाइन को इस चूक के लिए जिम्मेदार ठहराया है। जांच एजेंसियों का कहना है कि यह सुरक्षा मानकों और प्रक्रियाओं की गंभीर अनदेखी है। इस मामले ने न केवल एयरलाइन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।

फिलहाल यह मामला जांच के दायरे में है और माना जा रहा है कि इसमें शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ जल्द ही कार्रवाई हो सकती है। शाहजैन जैसे आम नागरिक को इस तरह की गंभीर लापरवाही का शिकार बनाना न केवल एयरलाइन की साख पर सवाल उठाता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि विमान यात्रा की सुरक्षा और प्रक्रिया में कितनी खामियां अभी भी मौजूद हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!